छत्तीसगढ़

04-Jun-2024 12:20:06 pm
Posted Date

भीषण गर्मी की चपेट में छत्तीसगढ़, मानसून का इंतजार सभी को

रायपुर। इस वर्ष छत्तीगसढ़ में ग्रीष्म ऋतु में निरंतर बढ़ते तापमान में गर्मी के सारे रिकार्ड तोड़ दिये। सर्वाधिक तापमान मुंगेली जिले में गत दिनों 47 डिसी दर्ज किया गया। वहीं रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी तापमान औसतन 45, 46 डिग्री तक दर्ज किया गया। सघन वन संभागों यथा सरगुुजा एवं बस्तर में भी पिछले दस वर्षों की तुलना में मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष लगातार तापमान में वृद्धि देखी गई। नवतपा में नौ दिन रिकार्ड तोड़ गर्मी पड़ी जिससे न केवल छग वरन देश के अन्य राज्यों में भी तापमान 50 से 52 डिग्री दर्ज किया गया। पर्यावरण प्रेमी एवं प्रकृति के लिए निरंतर काम करने वाले संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमाशंकर अवधिया के अनुसार  लगातार तापमान में हो रही वृद्धि आने वाले समय में गंभीर स्थिति की ओर इशारा करती है। लगातार गर्मी की चपेट में आने से जहां जांजगीर चांपा जिले में अब तक 12 लोगों के लू की चपेट में आने से मृत्यु हो गई है। वहीं राजधानी सहित प्रदेश वासियों को अब मानूसन का बेसब्री से इंतजार है। आईएमडी के अनुसार छग में मानसून 10 से 12 जून के मध्य आने की संभावना है। 
गौरतलब है कि सोशल मीडिया में एक विदेशी एजेंसी के प्रवक्ता जान डेफाडिल्स ने आने वाली दुनिया के बारे में 2060 में तापमान 70 डिग्री तक बढऩे की संभावना व्यक्त की है। उन्होंने उक्त भीषण गर्मी के बीच मानव जाति के विलुप्त होने की संभावना भी जताई है। वहीं वन विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी आरके सूद ने तापमान में लगातार वृद्धि के लिए जंगलों की कटाई को दोषी मानते हुए आम जनमानस से अधिक से अधिक संख्या में पौधा रोपण करने की सलाह दी है। 

 

Share On WhatsApp