आज के मुख्य समाचार

31-May-2024 9:24:32 pm
Posted Date

गंगोत्री हाईवे पर चट्टान गिरने से 1 की मौत-08 घायल, कई गाडि़यां मलबे में दबीं

उत्तरकाशी।  उत्तराखंड चारधाम यात्रा में दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ है। गंगोत्री हाईवे पर चट्टान के गिरने से एक यात्री की मौत हो गई है। हादसे में पांच अन्य यात्री भी घायल हैं। हादसे के बाद यात्रा को रोका गया है। घटना के बाद राहत व बचाव का कार्य जारी है। मलबे में कई गाडिय़ां भी दबीं हैं। शुक्रवार दोपहर को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। हादसे में कई गाडिय़ों समेत कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका भी जताई गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत व बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं।  पुलिस-प्रशासन की टीम ने तुरंत ही मौके पर रेस्कयू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से हाईवे पर गाडिय़ों को रोका गया है। बताया कि हाईवे पूरी तरह से सुरक्षित होने पर ही यात्रियों को रवाना किया जाएगा। हादसे के बाद हाईवे पर गाडिय़ों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं हैं।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:59 बजे डबरानी के पास पहाड़ी में आग लगने से चट्टान गिरने की घटना घटी।  हाईवे पर चट्टान गिरने के कारण कुछ लोग मलबे में दब गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों का रेस्क्यू किया। अभी तक 1 मृतक, 8 घायलों का रेस्क्यू किया जा चुका है। सभी लोग देहरादून के बताए जा रहे हैं.
घटनास्थल से 6 घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर्षिल ले जाया गया जबकि अन्य 2 घायलों को जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी पहुंचाया गया।  हर्षिल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रम मंडल ने बताया कि डबरानी हादसे के कुल 8 घायलों को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सभी को गुम चोटें आई हैं। कोई भी अभी बातचीत की स्थिति में नहीं है।
घायलों का नाम व पता:
- सुभाष वोनियाल (पुत्र होमा वोनियाल उम्र-40 वर्ष) निवासी ग्राम कचटा थाना कालसी देहरादून (गंभीर घायल हैं).
- बीना वोनियाल (पत्नी सुभाष वोनियाल उम्र- 38 वर्ष) निवासी ग्राम कचटा थाना कालसी देहरादून.
- दिव्यांशु (पुत्र सुभाष वोनियाल उम्र-18 वर्ष)
- हिमांशु (पुत्र सुभाष वोनियाल उम्र- 16 वर्ष) डबरानी में है.
- नितेश निवासी मुजफ्फरनगर यूपी.
- मीरा (पत्नी नितेश निवासी मुजफ्फरनगर उम्र- 35 वर्ष).
- विशाखा पुत्री नितेश (उम्र 25 वर्ष). गंभीर घायल है.
- राधा (पुत्री नितेश उम्र- 16 वर्ष).
राहत व बचाव टीमें मौके पर:  हादसे में एक निजी बोलेरो वाहन, एक बाइक, एक मारुति 800 वाहन, एक बीआरो ट्रक, एक जेसीबी मशीन और एक पानी का टैंकर क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।  जिला मुख्यालय से पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राजस्व विभाग व आपदा प्रबंधन की क्लिक रिस्पांस टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया। इस अभियान के लिए जिला मुख्यालय के साथ ही भटवाड़ी व हर्षिल से एंबुलेंस वाहन व मेडिकल टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया था।

 

Share On WhatsApp