आज के मुख्य समाचार

30-May-2024 12:38:42 pm
Posted Date

जम्मू-कश्मीर के अखनूर में तीर्थयात्रियों से भरी बस 150 फीट गहरी खाई में गिरी, 21 की मौत

0-पीएम मोदी ने जताया दुख
जम्मू। जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (144ए) पर अखनूर के टूंगी मोड़ क्षेत्र में बड़ा सडक़ हादसा हो गया। यहां एक यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 21 लोगों के मारे जाने की खबर है। करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें 20 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
पुलिस व स्थानीय लोगों द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है। खाई से निकाल कर घायलों को अखनूर उपजिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्तरप्रदेश नंबर की यह बस जम्मू से शिवखोड़ी धाम जा रही था। शिवखोड़ी धाम रियासी जिले के पौनी में स्थित है, जो कि कटड़ा सिथ्त माता वैष्णो देवी मंदिर से मात्र 80 किलोमीटर की दूरी पर है। यह भगवान भोलेनाथ को समर्पित है।
जानकारी के अनुसार, बस का नंबर है- यूपी 86ईसी 4078 बताया गया है। यह बस अखनूर के टूंगी मोड़ में गहरी खाई में जा गिरी। इस तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक बस के आने से हादसे वाली बस का चालक का संतुलन बिगड़ा गया और यह हादसा हो गया। बस के गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। तुरंत में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
बस के शीशे तोड़ कर लोगों को बाहर निकाला गया। फिर रस्सी और कुछ को पीठ पर लाद कर सडक़ तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायलों को वाहनों में सवार कर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान सडक़ों पर एंबुलेंस की आवाज गूंजती रही। 
अस्पताल में हादसे की खबर के साथ ही स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया। घायलों के पहुंचने के साथ ही यहां उपचार शुरू कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। जीएमसी जम्मू में डॉक्टरों की अलर्ट टीम ने मोर्चा संभालते हुए पहुंचे हुए घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया है।
बस में लगभग 75 से अधिक यात्री सवार थे। मौके पर एसडीएम अखनूर लेख राज, एसडीपीओ अखनूर मोहन शर्मा, थानाप्रभारी अखनूर तारिक अहमद मोके पर बचाव कार्य मे जुटे हुए हैं। एसएसपी जम्मू व अन्य वरिष्ट अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा, अखनूर में बस दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द ठीक हो जाएं। बस दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

 

Share On WhatsApp