आज के मुख्य समाचार

08-Jul-2018 12:14:50 pm
Posted Date

भारी बारिश से फिर पानी-पानी हुई मुंबई

मुंबई में भारी बारिश की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सायन पुलिस स्टेशन और किंग्स सर्कल के पास सड़कों पर पानी भर गया। जगह-जगह जलभराव और जाम के कारण आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। मुंबई और नागपुर सहित महाराष्ट्र का बड़ा हिस्सा पिछले 36 घंटों में हुई बरसात से बेहाल है। मुंबई के पड़ोसी जिले पालघर के वसई स्थित चिनचोटी जलप्रताप (वॉटरफाल) में फंसे सौ से अधिक लोगों को बचाया गया है। हालांकि इस पिकनिक स्पॉट पर गए एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शनिवार सुबह से मुंबई के कई हिस्सों में हुई जबर्दस्त बारिश के कारण लोकल ट्रेनें, विमान सेवाएं एवं सड़क यातायात तीनों प्रभावित हुए हैं। जबकि नागपुर शहर सहित विधानसभा में भी पानी भर गया और विधानमंडल के वर्षाकालीन सत्र की कार्यवाही दिन भर के लिए रोकनी पड़ी।वहीं, मुंबई और आसपास तेज बरसात का दौर शनिवार सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुआ। मुंबई के पास वसई के तुंगरेश्वर वन में चिनचोटी वॉटरफाल में मौसम खराब होने के बाद सौ से अधिक पर्यटक फंस गए थे। बारह घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की पांच बटालियनों ने इन सभी को सुरक्षित बाहर निकाला है। हालांकि तेज बहाव के पानी में फंसे एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

Share On WhatsApp