आज के मुख्य समाचार

24-May-2024 12:24:58 pm
Posted Date

दिल्ली समेत उत्तर भारत में 4 दिन चलेगी लू, बारिश को लेकर दक्षिण में रेड अलर्ट

नईदिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने संभावना जताई है कि अगले 4 दिन तक दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ेगी और लू से जनजीवन मुश्किल होगा।लू की चपेट में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाके आएंगे। यहां 27 मई तक गर्म हवा से लोगों का सामना होगा।मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के कई इलाकों में भी गर्मी होगी। फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं है।
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस था।24 मई से 30 मई तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचेगा। न्यूनतम तापमान 31 से 32 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि दिन के साथ रातें भी गर्म होंगी।दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी भीषण गर्मी से लोगों की दिक्कतें बढ़ेंगी।
उत्तर भारत के राज्यों में जहां गर्मी से लोगों परेशान हैं, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में अत्यधिक बारिश चिंता का सबब बनी हुई है। आईएमडी ने संभावना जताई है कि तमिलनाडु और केरल में अगले कुछ दिन तक अत्यधिक बारिश हो सकती है, जिसे देखते हुए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है।केरल के एर्नाकुलम, त्रिशूर के लिए रेड अलर्ट और कोट्टायम, अलप्पाझुआ, इडुकी, पलक्कड़, मल्लपुरम, वायनाड और कोझिकोड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

Share On WhatsApp