मनोरंजन

22-May-2024 10:27:39 pm
Posted Date

द ब्लैक स्वॉर्ड बने मांचू मनोज का दिखा खतरनाक रूप, मेकर्स ने जारी किया मिराय का टीजर

अभिनेता मांचू मनोज जल्द हीं फिल्म मिराय में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म से वह लगभग आठ साल बाद तेलुगु फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले उन्हें आखिरी बार साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ओक्काडु मिगिलाडु में देखा गया था। इस फिल्म के बाद वह अज्ञात कारणों से फिल्मी चकाचौंध से दूर हो गए थे। अब वह एक बार फिर से पर्दे पर अपना जादू बिखेरने को तैयार हैं। 
फिल्म मिराय से मनोज फिल्मी पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में उनका किरदार काफी खतरनाक होने वाला है। फिल्म के निर्माताओं ने उनके जन्मदिन पर अभिनेता की पहली झलक भी दिखाई है। निर्माताओं ने एक टीजर वीडियो जारी किया, जिसमें वह द ब्लैक स्वॉर्ड के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह एक संगठन है, जो काफी खूंखार और खतरनाक है। लंबे और बंधे बालों के साथ एक योद्धा के अवतार में मनोज काफी जंच रहे हैं। 
अपने किरदार से फैंस को रुबरु कराते हुए अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा,मैं इस पल का काफी लंबे समय से इंतजार कर रहा था ताकि मैं आप सबके सामने अपना नया अवतार पेश कर सकूं, जिसे आप मिराय के द ब्लैक स्वॉर्ड के नाम से भी जानते हैं। मिराय की टीम को बहुत खास बताते हुए अभिनेता ने इस फिल्म में काम करने को अपना सौभाग्य बताया है। 
बताते चलें कि फिल्म हनुमान में नजर आए पैन इंडिया स्टार तेजा सज्जा भी इसमें नजर आने वाले हैं। वह अपनी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। फिल्म में तेजा सज्जा एक सुपर योद्धा के रूप में नजर आएंगे। वहीं, अभिनेता मांचू मनोज खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। 
बीते दिनों ही निर्माताओं ने फिल्म का पोस्टर भी जारी किया था। इस बहुभाषी फिल्म में तेजा सज्जा के साथ मुख्य भूमिका में रितिका नायक भी नजर आने वाली हैं। फिल्म भारी भरकम बजट के साथ बनाई जा रही है। इसे  हिंदी समेत आठ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा, जिसमें तमिल, तेलुगु, कन्नण, मलयालम, बंगाली, मराठी और चाइनीज भाषा भी शामिल है। फिल्म 18 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। 

 

Share On WhatsApp