छत्तीसगढ़

20-May-2024 10:40:45 pm
Posted Date

वीर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी जयंती पर आयोजित हुआ चित्रकला उत्सव

  • चित्रकला उत्सव में बड़ी संख्या में बच्चे हुए शामिल, मैराथन दौड़ का भी हुआ आयोजन
  • आज की हमारी पीढ़ी देश के लिए वीर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के योगदान को हमेशा याद करेगी-कलेक्टर कार्तिकेया गोयल
  • बच्चों को देशसेवा के लिए जागरूक करने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की जयंती को दिया उत्सव का रूप-आशा त्रिपाठी

रायगढ़।  वीर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी जयंती उत्सव आज मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में स्थापित उनकी प्रतिमा में पुष्पांजलि अर्पित कर मैराथन दौड़ का आयोजन हुआ। यह दौड़ शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम से शुरू होकर कमला नेहरू पार्क में समाप्त हुई। जहां एनसीसी, एनएसस के छात्र, पूर्व सैनिक, संगठन के सदस्य, परिवार जन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। साथ ही कमला नेहरू पार्क में बच्चों के लिए देशभक्ति थीम पर चित्रकला उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 380 से अधिक बच्चे शामिल हुए। चित्रकला उत्सव के समापन पश्चात बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने कहा कि वीर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की शहादत को रायगढ़ सहित पूरे देशवासी याद रखेंगे। उनकी बहादुरी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज की हमारी पीढ़ी देश के लिए उनके योगदान को हमेशा याद करेगी। उन्होंने कहा कि वो आज हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन उनके कार्य उनकी स्मृति हमारे लिए प्रेरणा के रूप में हमेशा मौजूद रहेगी। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको अपने जिंदगी में अभी लम्बा सफर तय करना है, उनकी बहादुरी को अपना प्रेरणा स्त्रोत बनाकर अपने लक्ष्य को निर्धारित करें। हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ देकर देशसेवा में अपना योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि पूरी लगन और मेहनत के साथ लक्ष्य के लिए प्रयासरत रहे और देश के प्रति समर्पित रहे।
कर्नल राजेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वीर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी एक ऐसे वीर योद्धा थे जिनकी बहादुरी को पूरा देश याद रखेगा। कुछ ही इंसान ऐसे होते है जो कम समय में लोगों के दिलों में राज करते है, उनमें से एक व्यक्ति है वीर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी। हमें गर्व है कि शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी रायगढ़ की धरती पर पैदा हुए। हर रायगढ़ वासियों को वीर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी और उनके परिवार पर गर्व है।
शहीद कर्नल त्रिपाठी की माताजी आशा त्रिपाठी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी बच्चों उनके अभिभावकों और शहर के गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शहीद विप्लव त्रिपाठी आप सबके अपने थे। उनकी जयंती पर यह आयोजन सिर्फ  उनके विचारों और योगदानों के स्मरण का अवसर नहीं है। बल्कि इसका उद्देश्य है कि लोग सैन्य सेवाओं के बारे में भी जागरूक हों। उन्होंने बताया कि शहीद कर्नल त्रिपाठी शहर के पहले सैन्य अफसर हैं जिन्होंने नेशनल डिफेंस अकादमी में प्रवेश लिया। जिसने शहर और आस-पास के दूसरे बच्चों को भी प्रेरित किया। त्रिपाठी ने नन्हें बच्चों द्वारा कैनवास में अपने कल्पनाओं से उकेरी तस्वीरों की सराहना करते हुए कहा कि इन चित्रों से बच्चों की रचनात्मकता के साथ उनके देशप्रेम की भावना बहुत ही सुंदर तरीके से झलक रही है। कार्यक्रम को राजेश पटनायक ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के पिता सुभाष त्रिपाठी, माता आशा त्रिपाठी, कोसा बटालियन से कर्नल एस.पटनायक, कर्नल राजेंदर सिंह, शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट के राजेश पटनायक, शैलेष गुरू, रामचंद्र शर्मा, शीला तिवारी, कर्नल सैन्य अधिकारी, युवराज सिंह आजाद, अभिषेक उपाध्याय, एसडीएम प्रवीण तिवारी, तहसीलदार लोमस मिरी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Share On WhatsApp