छत्तीसगढ़

16-May-2024 9:31:22 pm
Posted Date

जंगल में मिली पत्रकार की खून से सनी लाश

मनेन्द्रगढ़ | चनवारीडांड स्थित वन काष्ठागार के पीछे एक पत्रकार का खून से सना शव मिला है। मामले में पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ की जा रही है।  बताया जाता है कि मृतक के घर में भी खून के निशान मिले हैं। 
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे चनवारीडांड स्थित वन काष्ठागार के पीछे कुछ लोगों ने खून से लथपथ एक युवक का शव देखा। जिसका चेहरा कपड़े से ढंका हुआ था। जिसके बाद मृतक की पहचान मनेंद्रगढ़ थानांतर्गत मौहारपारा निवासी 32 वर्षीय रईस अहमद के रूप में हुई। बताया जाता है कि मृतक पत्रकार था तथा कुछ दिनों पहले ही अपनी पत्नी के साथ शहर से लगे ग्राम चनवारीडांड में एक किराए के मकान में रह रहा था। और गुरूवार को उनके घर से 200 मीटर की दूरी पर ही उसकी लाश मिली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। शव का पंचनामा कार्यवाही के बाद पुलिस मृतक के घर पहुंची। घर पर मृतक की पत्नी सफ ीना अपनी 3 वर्षीय बच्ची के साथ थी। पुलिस अधीक्षक ने मृतक की पत्नी से जरूरी पूछताछ की। शुरूआती पूछताछ में उसने बताया कि देर रात 2 युवक घर पर आए थे। वहीं मृतक की मासूम बेटी ने भी पुलिस को अहम जानकारी देते हुए बताया कि उसके पिता रात में बचाओ-बचाओ की आवाज लगा रहे थे। घर की दीवार एवं दरवाजे पर खून के छींटे भी पाए गए हैं। वहीं घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर सीसी सडक़ के किनारे खून से सना एक गमछा भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस को पत्नी का बयान भी संदेहास्पद लग रहा है जिसके चलते संदेह के आधार पर पुलिस मृतक की पत्नी को सिटी कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। 

Share On WhatsApp