आज के मुख्य समाचार

06-May-2024 11:39:47 am
Posted Date

पत्नी को बचाने के चक्कर में पति भी कुएं में गिरा दोनों की मौत

प्रयागराज।  हंडिया थाना क्षेत्र के दुलापुर गांव में विवाद के बाद कुएं में कूदने जा रही पत्नी को बचाने के चक्कर में पति भी कुएं में गिर गया। जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंच गए। किसी तरह से शव को बाहर निकलवाया गया। 
दुलापुर गांव निवासी लवकुश विश्ववकर्मा (34) गांव में ही बढ़ई गिरी का कार्य करता था। उसकी शादी भदोही जिले में सुरियावां थाना क्षेत्र के कंजिया में पिंकी (32) के साथ हुई थी। दोनों के कुल सात बेटियां ही हैं। सबसे छोटी बेटी अभी तीन माह की ही है, जबकि सबसे बड़ी बच्ची ग्यारह साल की है। रविवार की देर रात पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तैश में आकर पिंकी आत्महत्या करने के लिए घर के पास बने कुएं की तरफ दौड़ी। यह देख लवकुश उसको बचाने के लिए पीछे पीछे दौड़ा। कुएं की जगत पर चढक़र पिंकी ने जैसी ही छलांग लगाई तब तक लवकुश भी उसका हाथ पकडक़र बचाने लगा। पत्नी के साथ वह भी कुएं में जा गिरा। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में खलबली मच गई। सूचना पाकर कोतवाल हंडिया के अलावा सीओ एसीपी हंडिया मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की मदद से दंपती का शव बाहर निकलवाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घर में सिर्फ बूढ़ी मां सोना देवी पत्नी सोहनलाल ही है। लवकुश दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई राजा मुंबई में फर्नीचर बनाने का कार्य करता है।

 

Share On WhatsApp