छत्तीसगढ़

20-Apr-2024 12:27:16 am
Posted Date

ओडिसा में महानदी में नाव पलटी, रायगढ़ जिले के भी निवासी थे सवार

  • कलेक्टर-एसपी घटनास्थल पर पहुंचे, राहत एवं बचाव कार्य का लिया जायजा
  • संबलपुर के आईजी और झारसुगुड़ा जिले के कलेक्टर एसपी भी घटना स्थल पर मौजूद
  • ओडीआरएएफ  और फायर टीम राहत व बचाव कार्य में जुटी

रायगढ़।   ओडिसा में महानदी में हुई नाव दुर्घटना में राहत व बचाव कार्य जारी है। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल व सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।  यहां आईजी नॉर्दन रेंज संबलपुर, हिमांशु कुमार लाल, झारसुगुड़ा जिले की कलेक्टर झारसुगुड़ा अबोली सुनील नरवने, एसपी झारसुगुड़ा परमार स्मित परशोत्तमदास भी मौके पर मौजूद है। यहां ओडीआरएएफ  और फायर टीम के गोताखोर राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं। भुवनेश्वर से स्कूबा डाइवर को भी बुलवाया जा रहा है।
घटना के बारे में अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार नाव पलटने से 1 महिला की मृत्यु हुई है, जिसका शव बरामद कर लिया गया है, उनकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 लोग लापता हैं। जिसमें 4 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। प्रभावित लोग खरसिया ब्लॉक के अंजोरीपाली के हैं। नाव में खरसिया ब्लॉक के अंजोरीपाली व गोर्रा तथा रायगढ़ ब्लॉक के कोतरलिया और छपोरा के लोग सवार थे। मृतक महिला अंजोरीपाली की थी।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल व पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने सुरक्षित बचाए गए लोगों के स्वास्थ्य जांच और आज रात ही उन्हें उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। नगर निगम आयुक्त सुनील चंद्रवंशी, सीईओ जनपद रायगढ़ राजेश साहू, सीईओ जनपद खरसिया हिमांशु साहू सहित अधिकारी कर्मचारियों की टीम भी मौके पर राहत व बचाव कार्य में लगी है। रायगढ़ पुलिस की टीम भी यहां मौजूद हैं।

कलेक्टर व एसपी ने नाव दुर्घटना से प्रभावित लोगों से की मुलाकात, उनके खाने और परिवहन के इंतजाम के दिए निर्देश

रायगढ़।  कलेक्टर कार्तिकेया गोयल और एसपी दिव्यांग पटेल ने महानदी नाव दुर्घटना में प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आप सभी की हर संभव मदद की जायेगी। सभी फिलहाल घटनास्थल के पास कंडईकेला पुलिस चौकी में हैं। कलेक्टर गोयल ने सभी लोगों के खाने-पीने और परिवहन की व्यवस्था के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

नाव दुर्घटना से सुरक्षित बचाए गए 43  अंजोरीपाली और 7 कोतरलिया के निवासियों को किया गया रवाना
महानदी नाव दुर्घटना से सुरक्षित बचाए गए  50 लोगों को बस से वापस उनके गांव रवाना कर दिया गया है। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने ग्रामीणों से बात चीत की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम भी आपके साथ जा रही है। तहसीलदार खरसिया को ग्रामीणों के साथ भेजा गया है। बस से रवाना किए ग्रामीणों में 43 अंजोरीपाली और 7 कोतरलिया के हैं।

Share On WhatsApp