छत्तीसगढ़

18-Apr-2024 7:53:04 pm
Posted Date

अनवर ढेबर व अरविंद सिंह 2 मई तक न्यायिक रिमांड पर तो एपी त्रिपाठी 25 अप्रेल तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर

0 अरविंद सिंह ने कोर्ट में मांगी इच्छा मृत्यु

रायपुर। बहुचर्चित तीन हजार करोड़ के आबकारी घोटाले मामले में गिरफ्तार आरोपियों की छह दिन की रिमांड खत्म होने के बाद गुरूवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने अनवर ढेबर, अरविंद सिंह समेत अरुणपति त्रिपाठी को पीएमएलए कोर्ट में पेश किया। इसके पूर्व एसीबी ने तीनों से आमने सामने पूछताछ पूरी कर ली है। 
शराब घोटाले के मामले में ईडी की रिपोर्ट पर ईओडब्ल्यू की दर्ज एफआईआर में गिरफ्तारी के 14 दिन बाद अनवर ढेबर और अरविंद सिंह को जेल भेजने का आदेश हुआ है। मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी में से दो आरोपियों की न्यायिक रिमांड का ईओडब्ल्यू का आवेदन कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। अनवर ढेबर और अरविंद सिंह 2 मई तक न्यायिक रिमांड पर रहेंगे। वहीं तीसरा आरोपी एपी त्रिपाठी 25 अप्रैल तक ईओडब्ल्यू  की रिमांड में रहेगा। अपर न्यायाधीश निधि शर्मा तिवारी की कोर्ट में तीनों को पेश किया गया था। जहां कोर्ट ने यह आदेश दिया है।
इसके अलावा अरविंद सिंह ने जज से इच्छा मृत्यु मांगी है। अरविंद सिंह के आवेदन पर जज ने कहा कि आप वकील के जरिए प्रॉपर आवेदन लगवाएं। उस पर अलग से सुनवाई होगी। 
बता दें कि 3 अप्रैल को हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से निकलते ही ईओडब्ल्यू की टीम ने फिर से अरविंद सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 4 अप्रैल को अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद से अरविंद सिंह और अनवर ढेबर को लगातार ईओडब्ल्यू रिमांड पर ले रही थी। 18 तारीख को रिमांड खत्म होने पर न्यायिक रिमांड के लिए अरविंद, अनवर और एपी त्रिपाठी को कोर्ट में पेश किया था।

 

 

Share On WhatsApp