राज्य

13-Feb-2019 10:39:46 am
Posted Date

दिवंगत पूर्व सदस्य मांझी को रास में दी गई श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली,13 फरवरी । राज्यसभा के पूर्व सदस्य चैतन्य प्रसाद मांझी के निधन पर उन्हें उच्च सदन में बुधवार को श्रद्धांजलि दी गई। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने पूर्व सदस्य चैतन्य प्रसाद मांझी के निधन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मांझी का 28 जनवरी को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। सभापति ने बताया कि ओडिशा के मयूरभंज में 1929 में जन्मे मांझी ने आदिवासियों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अथक प्रयास किया था। ओडिशा सरकार में और केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके मांझी ने अप्रैल 1972 से 1978 तक उच्च सदन में ओडिशा का प्रतिनिधित्व किया था। मांझी की पुत्री सरोजिनी हेम्ब्रम उच्च सदन में बीजद की सदस्य हैं। सभापति ने कहा कि मांझी के निधन से देश ने एक मुखर सांसद तथा उत्कृष्ट समाज सेवक को खो दिया है। सदन में मौजूद सदस्यों ने मांझी के सम्मान में कुछ पलों का मौन रखा।

Share On WhatsApp