आज के मुख्य समाचार

11-Mar-2024 5:00:51 am
Posted Date

कूनो नेशनल पार्क से आई खुशखबरी, मादा चीता गामिनी ने दिया 5 शावकों को जन्म

भोपाल । कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इस बार दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी ने 5 शावकों को जन्म दिया है। इन शावकों के जन्म के बाद कूनो में चीतों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अब कूनो में 13 शावकों सहित चीतों की संख्या 26 हो गई है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट शेयर करके देश वासियों के साथ यह जानकारी साझा की है।
केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने ङ्ग पर फोटो साझा कर लिखा है कि ‘हाई फाइव, कूनो, दक्षिण अफ्रीका के त्वालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता गामिनी (5) ने आज 5 शावकों को जन्म दिया है। इससे भारत में जन्मे शावकों की संख्या 13 हो गई है। यह भारतीय धरती पर चौथा चीता वंश है और दक्षिण अफ्रीका से लाया गया चीता का पहला वंश है। सभी को बधाई, विशेषकर वन अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ की टीम को। जिन्होंने चीतों के लिए तनाव मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया है। जिससे सफल संभोग और शावकों का जन्म हुआ है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शावकों समेत चीतों की कुल संख्या 26 है।
बता दें कि नए साल के तीसरे दिन तीन जनवरी 2024 को कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता आशा ने चार शावकों को जन्म दिया था। कूनो प्रबंधन शावकों के वीडियो और फोटो जारी किए थे। इससे पहले 24 मार्च 2023 को मादा चीता ज्वाला ने चार शावकों को जन्म दिया, लेकिन उनमें से तीन की मौत हो गई थी। अभी एक जीवित है। अब कूनो में कुल 26 चीते (13 वयस्क और 13 शावक) हो गए हैं।

 

Share On WhatsApp