मनोरंजन

12-Feb-2024 5:19:47 am
Posted Date

बॉक्स ऑफिस पर तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया की धीमी रही शुरुआत

शाहिद कपूर और कृति सैनन पिछले काफी समय से फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म से शाहिद ने लंबे समय बाद अपने रोमांटिक अवतार में वापसी की।उधर कृति के साथ पहली बार उनकी जोड़ी पर्दे पर देखने को मिली है और दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद भी आई है। हालांकि, फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।आइए जानते हैं फिल्म ने पहले दिन कितने करोड़ रुपये का कारोबार किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने पहले दिन 6.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।फिल्म वैलेंटाइन वीक में रिलीज हुई है और कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में इजाफा हो सकता है।बिल्कुल वैसे ही जैसे रोमांटिक कॉमेडी फिल्म जरा हटके जरा बचके के साथ हुआ। शुरुआत में इसकी कमाई धीमी रही, लेकिन बाद में फिल्म ने 100 करोड़ रुपसे से ज्यादा की कमाई की।
फिल्म का बजट 75 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। सिनेमाघरों में इस वक्त फाइटर एकमात्र ऐसी फिल्म है, जो इसके सामने चुनौती है, लेकिन ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की यह फिल्म भी 15 दिनों बाद अब सुस्त हो चली है।ऐसे में दर्शकों के लिए शाहिद-कृति की फिल्म हल्की-फुल्की मस्ती करने का एक बढिय़ा विकल्प बन सकती है। फिल्म का बजट भी कम है, इसलिए इसे हिट या सुपरहिट होने के लिए बहुत माथापच्ची भी नहीं करनी पड़ेगी।
तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया 9 फरवरी को रिलीज हुई है। इसमें धर्मेंद्र और डिंपल कपाडिय़ा भी हैं। फिल्म का निर्देशन अमित जोशी और आराधना शाह ने किया है।फिल्म की कहानी एक रोबोट की है। ये रोबोट कृति हैं, जिनसे शाहिद को प्यार हो जाता है। इसके बाद वह अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए इसे अपने परिवार के पास लेकर जाता है। फिर क्या कुछ होता है, यही सब फिल्म में दिखाया गया है।
शाहिद यूं तो पिछली बार फिल्म ब्लडी डैडी में नजर आए थे और उनकी यह फिल्म जियो सिनेमा पर आई थी और इसमें उनके काम की तारीफ हुई थी। हालांकि, बड़े पर्दे पर उनकी आखिरी रिलीज जर्सी थी, जो बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी।उधर कृति की फिल्म गणपत भी सिनेमाघरों में आई थी और यह भी फ्लॉप रही थी।अब देखना होगा कि दोनों की फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया क्या कमाल दिखाती है।
बता दें कि 9 फरवरी को भूमि पेडनेकर की फिल्म भक्षक भी दर्शकों के बीच आई है। हालांकि, यह नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई। फिल्म के साथ-साथ इसमें भूमि की अदाकारी को भी तारीफ हुई है। उधर इसमें संजय मिश्रा ने भी खूब वाहवाही लूटी है।

 

Share On WhatsApp