व्यापार

05-Apr-2023 5:16:11 am
Posted Date

पैसेंजर वाहनों की खुदरा बिक्री में 14 फीसदी का इजाफा, मार्च में बिके 3 लाख से ज्यादा वाहन

नईदिल्ली। इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों की आपूर्ति में सुधार से देश में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री मार्च महीने में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढक़र 3,35,266 इकाई पर पहुंच गई। वाहन डीलर संघों के महासंघ (एफएडीए) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले महीने घरेलू बाजार में यात्री वाहनों का पंजीकरण का आंकड़ा 3,35,266 इकाई पर पहुंच गया। मार्च, 2022 में यह संख्या 2,93,016 इकाई रही थी।
एफएडीए ने बयान में कहा कि दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री भी पिछले महीने 12 प्रतिशत बढक़र 14,45,867 इकाई हो गई। एक साल पहले इसी महीने में 12,86,109 दोपहिया वाहन बिके थे।
इसी तरह, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी पिछले महीने बढक़र 92,790 इकाई रही। यह आंकड़ा पिछले साल मार्च के 84,124 इकाई से 10 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि के दौरान तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 69 प्रतिशत बढक़र 86,857 इकाई पर पहुंच गई। वहीं ट्रैक्टर बिक्री पिछले महीने चार प्रतिशत बढ़ी। यह 78,070 इकाई से बढक़र 81,607 इकाई पर पहुंच गई।
पिछले महीने कुल वाहन पंजीकरण बढक़र 20,41,847 इकाई हो गया। यह मार्च, 2022 में पंजीकृत 17,92,802 इकाई के आंकड़े से 14 प्रतिशत अधिक रहा। आंकड़ों के अनुसार, बीते वित्त वर्ष 2022-23 मे यात्री वाहनों का पंजीकरण 23 प्रतिशत बढक़र 36,20,039 इकाई रहा। इससे पिछले वित्त वर्ष यानी 2021-22 में यह 29,42,273 इकाई था।
दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री वित्त वर्ष 2022-23 में 1,34,94,214 इकाई से 19 प्रतिशत बढक़र 1,59,95,968 इकाई हो गई। इसी तरह वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री समाप्त वित्त वर्ष में 33 प्रतिशत बढ़ी।
तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री में 84 प्रतिशत और ट्रैक्टरों क खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वहीं इस दौरान कुल वाहन बिक्री 21 प्रतिशत बढक़र 2,21,50,222 इकाई हो गई। वित्त वर्ष 2021-22 कुल 1,83,27,326 वाहन बिके थे।

 

Share On WhatsApp