छत्तीसगढ़

13-Jan-2019 12:13:16 pm
Posted Date

24 जनवरी को रायगढ़ जिले को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में उत्कृृष्ट कार्य के लिए मिलेगा सम्मान

कलेक्टर श्री यशवंत कुमार होंगे सम्मानित
रायगढ़/ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत शासन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संचालक श्री अशोक कुमार यादव ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में जिला प्रशासन को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चयनित होने पर कलेक्टर श्री यशवंत कुमार को हार्दिक शुभकामनाएं दी है।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में 'प्रभावी सामुदायिक सहभागिता' श्रेणी में उत्कृष्ट एवं बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत शासन द्वारा अनुकरणीय कार्य के लिए 25 जिलों को चयनित किया गया है। जिनमें से एक रायगढ़ है। राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी को नई दिल्ली में कलेक्टर रायगढ़ श्री यशवंत कुमार सम्मानित होंगे। 24 जनवरी को भारत शासन द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस 'उज्जवल भविष्य के लिए बालिकाओं का सशक्तिकरणÓ थीम पर मनाया जाएगा। जिसका उद्देश्य जनसामान्य में बालिका लिंगानुपात के घटते स्तर जैसे सामाजिक मुद्दे पर चेतना बढ़ाना एवं बालिकाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। 
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत बालिका लिंगानुपात 2018-19 में 959 है, जो कि वर्ष 2013-14 में 918 था। संस्थागत प्रसव का प्रतिशत 98 प्रतिशत है। वर्षभर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कराया गया। जिनमे 'मुनिया की दुनिया' कार्टून कार्यशाला, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की संवेदीकरण कार्यशाला, प्रत्येक प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बालिका जन्म लेने पर माता को महतारी नोनी कार्ड के साथ आम का पौधा दिया गया। महिला कुश्ती एवं कबड्डी का भी आयोजन किया गया। चक्रधर समारोह के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के लिए एक दिन विशेष समर्पित रहा। वहीं इस अभियान के तहत रक्तदान दिवस, सास-ससुर एवं मां-बेटी सम्मेलन आदि विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बालिकाओं के नाम विशेष वृक्षारोपण कर समाज में जागरूकता के लिए कार्य किए गए। 

Share On WhatsApp