राज्य

09-Jan-2019 10:59:19 am
Posted Date

दिल्ली में लौटेगी बारिश और लुढक़ेगा पारा

नई दिल्ली ,09 जनवारी । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद प्रदूषण में तो कमी जरूर आई लेकिन कोहरे ने परेशान करना शुरू कर दिया। अब एक बार फिर इस वीकेंड पर दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के बुधवार के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया था यानी सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा राजधानी वालों को परेशान कर सकता है। आज सुबह कई जगहों पर कोहरा देखने को मिला। मंगलवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आई। अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। बुधवार को तापमान 20 और 7 डिग्री के आसपास रह सकता है। हवा में नमी का स्तर अब भी 63 से 100 प्रतिशत तक बना हुआ है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद उत्तर से ठंडी हवाएं राजधानी पहुंच रही थीं। इसकी वजह से दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट आई थी। 
इस बीच एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से मंगलवार को हवाओं की दिशा में बदलाव हुआ है। ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह अब पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवाएं राजधानी आ रही हैं जिसकी वजह से बुधवार से तापमान में हल्का इजाफा होगा। वहीं 10 से 13 जनवरी के बीच यह सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर के पहाड़ों के पास आएगा और इसकी वजह से हवाएं बाधित होंगी जिसकी वजह से सर्दी कम होगी। इस दौरान 12 और 13 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है जिसके बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कश्मीर से आगे बढ़ जाएगा। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और कोहरा फिर घना होगा।

Share On WhatsApp