राज्य

06-Jan-2019 10:10:32 am
Posted Date

बर्फबारी और शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत

0-वैष्णो देवी मंदिर के लिए हेलिकॉप्टर सेवाएं बंद
नई दिल्ली ,06 जनवारी । पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से समूचा उत्तरी भारत शीत लहर की चपेट में आ गया है। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में भारी बर्फबारी के कारण शनिवार को माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए हेलिकॉप्टर और केबल कार सेवा बंद कर दी गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी जारी है। राज्य के केलांग में 20 सेमी बर्फ गिरी है। उधर, पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है।
जम्मू-कश्मीर में रविवार सुबह के न्यूनतम तापमान में भले ही ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है लेकिन श्रीनगर और अन्य कस्बों में लोग फिसलन भरी सडक़ों के कारण आवाजाही से बच रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार से 10 जनवरी तक मौसम में सुधार का अनुमान जताया है। राज्य में शहर और कस्बों में सडक़ों पर यातायात नहीं दिखाई दे रहा। 
रविवार को श्रीनगर शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम का शून्य से 7.9 डिग्री नीचे और गुलमर्ग का शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री नीचे और कारगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 18.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जो रात का सबसे कम तापमान रहा।
जम्मू शहर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस, कटरा का 9.2 डिग्री, बटोट का शून्य से 0.8 डिग्री नीचे, बनिहाल का शून्य से 0.5 डिग्री नीचे और भदरवाह का 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में भारी बर्फबारी के कारण शनिवार को माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए हेलिकॉप्टर और केबल कार सेवा बंद कर दी गई। 
अधिकारियों ने कहा कि त्रिकुटा पहाड़ी पर बर्फबारी के बाद कटरा आधार शिविर से मंदिर के लिए सेवाएं बंद कर दी गईं। एक अधिकारी ने कहा, ‘सेवाएं अस्थायी रूप से बंद की गई हैं। मौसम में सुधार के बाद सेवाएं फिर से शुरू होंगी।’ उधर, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शनिवार को अपने घर की छत से बर्फ हटाते समय एक व्यक्ति की गिरकर मौत हो गई। मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
उधर, एक अन्य पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी और सर्द हवाओं का दौर जारी है। प्रदेश के कई ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग, शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि लाहौल और स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलांग में 20 सेमी बर्फबारी रेकॉर्ड की गई है। केलांग में तापमान -7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 
इस बीच पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। यहां नारनौल 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि नारनौल में तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। दोनों राज्यों को कई इलाकों में आसमान पर धुंध की चादर फैली हुई है, जिससे हवाई, रेल और सडक़ यातायात पर बुरा असर पड़ा है।

Share On WhatsApp