राज्य

31-Dec-2018 11:51:32 am
Posted Date

यमुना एक्सप्रेस वे पर टकराए 10 वाहन, 1 की मौत, कई घायल

मेरठ ,31 दिसंबर । कोहरे के कहर से प्रभावित यमुना एक्सप्रेसवे पर 10 वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में 1 व्यक्ति की मौत हो गयी। ज्ञात हो कि समूचा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में है। इस दौरान कोहरे के कारण सडक़ हादसों की संख्या में भी तेजी से बढोत्तरी हुई है।
सोमवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 92 पर आगरा से नोएडा की तरफ मिर्च लेकर जा रहे आयशर केंटर में पीछे से प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी जिससे पीछे से आधा दर्जन अधिक वाहन एक दूसरे मे भिड़ गए। इस दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
जानकारी के अनुसार, कोहरे के कारण मिर्ची भरे ट्रक से कई गाडिय़ां एक के बाद एक टकरा गई। इस दुर्घटना में जहां 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। 
मृतक की पहचान विटारा विरजा निवासी चालक राजेश कुमार पुत्र खेमचंद निवासी निरोत्तम कुंज सदर बाजार (40) मथुरा के रुप में हुई है। हादसे की वजह से एक्सप्रेस वे पर एक घण्टे तक आगरा से नोएडा की तरफ जाने वाली साइड को बंद रखा गया और जाबरा टोल प्लाजा पर वाहनों को रोका गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना मांट की पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। साथ ही सडक़ पर भिड़ीं गाडयि़ों को क्रेन की सहायता से किनारे करवाया। 

Share On WhatsApp