मनोरंजन

21-Apr-2022 3:31:38 am
Posted Date

अनिल कपूर और हर्षवर्धन कपूर की थार 6 मई को नेटफ्लिक्स पर आएगी

दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने बॉलीवुड में बड़ा नाम कमाया है। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। वह पिछले कुछ समय से अपने बेटे और अभिनेता हर्षवर्धन कपूर को इंडस्ट्री में स्थापित करने में लगे हैं। इस बाप-बेटे की जोड़ी नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म थार में नजर आएगी। अब मेकर्स ने इस फिल्म की रिलीज डेट घोषित कर दी है। थार 6 मई को नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी। 
अनिल ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए इसकी रिलीज डेट की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, इस बंजर जमीन के छुपे सारे राज हो जाएंगे जल्द कानून के हाथ बेनकाब! 6 मई को आने वाली थार के रहस्य को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर देखिए। शेयर किए गए पोस्टर में अनिल और हर्षवर्धन का लुक काफी इंटेंस नजर आ रहा है। फिल्म को बाप-बेटे की जोड़ी ने ही प्रोड्यूस किया है। 
फिल्म के बारे में बात करते हुए अनिल ने कहा, हमने थार के साथ जो हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है और कई कारणों से फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हूं। स्क्रीन पर हम हर्षवर्धन और फातिमा सना शेख की फ्रेश जोड़ी को देख पाएंगे। एक अभिनेता और एक निर्माता के रूप में मैंने हमेशा नए कंटेंट के साथ आगे बढऩे और यथास्थिति को बदलने का प्रयास किया है। राज सिंह चौधरी फिल्म के निर्देशक हैं। 
फिल्म के लेखन का जिम्मा भी राज सिंह ने संभाला है। सतीश कौशिक भी इस फिल्म का अहम हिस्सा हैं। थार एक रिवेंज ड्रामा है, जिसमें अनिल पुलिस अफसर का किरदार निभाएंगे। थार रेतीले पहाड़ों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह अस्सी के दशक की एक कहानी है, जो सिद्धार्थ नाम के शख्स पर केंद्रित है। सिद्धार्थ की भूमिका हर्षवर्धन निभाएंगे। इसकी कहानी हर्षवर्धन के किरदार के आसपास घूमती दिखेगी, जो बदले की आग में जल रहा है। 
पिछले साल 24 दिसंबर को अनिल की फिल्म  एके वर्सेज एके रिलीज हुई थी। विक्रमादित्य मोटवानी ने फिल्म का निर्देशन किया था। अनिल और अनुराग कश्यप ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई थी। खास बात यह है कि इस फिल्म में हर्षवर्धन भी नजर आए थे, लेकिन उनकी भूमिका काफी छोटी रखी गई थी। हालांकि, फिल्म को दर्शकों ने नकार दिया था। इसमें हर्षवर्धन की बहन सोनम कपूर भी नजर आई थीं। 
अनिल और हर्षवर्धन ने भारत के जबरदस्त निशानेबाज अभिनव बिंद्रा की बायोपिक के लिए हाथ मिलाया था, लेकिन यह अभी तक शुरू नहीं हुई है। हर्षवर्धन ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि इसके जरिए वह हिंदी सिने प्रेमियों तक अपनी पहुंच बना पाएंगे। 

Share On WhatsApp