आज के मुख्य समाचार

28-Dec-2018 12:18:45 pm
Posted Date

राजधानी में और बढ़ेगी ठंड

0-तापमान 2 डिग्री तक हो जाने की आशंका
नई दिल्ली ,28 दिसंबर ।  राजधानी में गुरुवार का दिन अन्य दिनों की तुलना में आद्र्र्रता की दृष्टि से न्यूनतम रहीं । पूरे एनसीआर की बात करें तो 1.4 डिग्री तापमान के साथ गुडग़ांव सबसे सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 दिसंबर को दिल्ली का तापमान 2 से 3 डिग्री तक जा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो पिछले कई सालों का रेकॉर्ड टूट जाएगा। साल के अंत तक ठंड का प्रकोप इसी तरह बना रहेगा।
धूप हल्की रहने से दिन में भी अब लोगों को सिहरन महसूस होने लगी है। हालांकि अधिकतम तापमान अभी 22 डिग्री बना हुआ है जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। दिल्ली के सबसे ठंडे इलाकों में सफदरजंग (3.4 डिग्री), लोदी रोड (3.6 डिग्री), आया नगर (3.7 डिग्री), गुरुग्राम (2.6 डिग्री), जफरपुर (4.2 डिग्री), मंगेशपुर (4.6 डिग्री) थे। 
सुबह के समय कोहरा पहले कम था, लेकिन 7 बजे के बाद कोहरा घना हो गया। हवा में नमी का स्तर भी 45 से 100 पर्सेंट रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। पिछले आठ दिनों से दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे ही बना हुआ है। दोपहर में चंद घंटों के लिए ही लोगों को सर्दी और ठिठुरन से कुछ राहत मिलती है। 
स्काईमेट के अनुसार, आने वाले दिनों में भी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोई प्रभावी मौसम सिस्टम विकसित नहीं हो रहा है। ऐसे में अभी दिल्ली को राहत मिलने वाली नहीं है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है और दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बने रहने की उम्मीद है।

Share On WhatsApp