मनोरंजन

26-Feb-2022 3:42:58 am
Posted Date

थलाइवार 169 में ऐश्वर्या की एंट्री, रजनीकांत के साथ फिर बन सकती है जोड़ी

ऐश्वर्या राय बच्चन और रजनीकांत की जोड़ी आपने बड़े पर्दे पर देखी ही होगी और अगर नहीं देखी तो एक बार फिर यह जोड़ी आपको सिल्वर स्क्रीन पर दिखाई दे सकती है। दरअसल, चर्चा है कि रजनीकांत अपनी अगली बहुचर्चित फिल्म थलाइवार 169 में ऐश्वर्या के साथ रोमांस करते नजर आ सकते हैं। यह वही फिल्म है, जिसकी घोषणा पिछले हफ्ते हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक, साउथ के भगवान कहे जाने वाले रजनीकांत की अगली फिल्म थलाइवार 169 में ऐशवर्या लीड हीरोइन की भूमिका निभा सकती हैं। कहा जा रहा है कि निर्माता रजनीकांत के साथ ऐश्वर्या को लेने के पूरे मूड में हैं। उन्हें उम्मीद है कि फिल्म की कहानी के हिसाब से रजनीकांत और ऐश्वर्या की जोड़ी बिल्कुल फिट बैठेगी। हालांकि, अभी इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। 
बीती 10 फरवरी को निर्माताओं ने एक वीडियो रिलीज कर इस प्रोजेक्ट की जानकारी दी थी। वीडियो में रजनीकांत और नेल्सन दिलीप कुमार के साथ म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर भी नजर आए। अनिरुद्ध फिल्म के गाने कंपोज कर रहे हैं और नेल्सन फिल्म के निर्देशक हैं, जिन्हें बीस्ट और डॉक्टर जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाना जाता हैं। इस फिल्म को सन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। यह सुपरस्टार रजनीकांत के करियर की 169वीं फिल्म है। 
रजनीकांत आखिरी बार फिल्म अन्नाथे में नजर आए थे। यह पिछले साल दिवाली पर रिलीज हुई थी। इसमें रजनीकांत के साथ नयनतारा और कीर्थि सुरेश भी मुख्य भूमिका में थीं। उनकी इस फिल्म को भी सन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया था। 
इससे पहले रजनीकांत और ऐश्वर्या की जोड़ी फिल्म रोबोट में दिखाई दी थी। यह फिल्म 2010 में रिलीज हुई थी। फिल्म में ऐश्वर्या और रजनीकांत की जोड़ी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। उस समय ऐश्वर्या बॉलीवुड में कमबैक का मौका तलाश रही थीं। जब उन्हें रजनीकांत की फिल्म का ऑफर मिला तो उन्होंने इसे स्वीकार करने में देर नहीं लगाई। अगर थलाइवार 169 में ऐश्वर्या नजर आती हैं तो वह 12 साल बाद रजनीकांत के साथ फिर दिखाई देंगी। 
ऐश्वर्या जल्द ही मणिरत्नम की फिल्म पोन्नियन सेल्वन में दिखेंगी। यह फिल्म अगले साल दो भागों में रिलीज होगी। ऐश्वर्या इसमें नंदिनि और उनकी मां मंधाकिनी यानी डबल रोल में नजर आएंगी। यह 1995 में आई कल्कि कृष्णमूर्ति के उपन्यास पोन्नियन सेल्वन पर आधारित है। इसके अलावा वह इंटरनेशनल फिल्म द लेटर में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। यह रवींद्रनाथ टैगोर की किताब थ्री वूमेन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन फ्यूजन सिंगर और थिएटर राइटर निर्देशक इशिता गांगुली करेंगी। 

Share On WhatsApp