मनोरंजन

11-Feb-2022 5:12:37 am
Posted Date

27 मई को रिलीज होगी अदिवि सेश की पेन इंडिया फिल्म मेजर

लंबे समय से दर्शक फिल्म मेजर का इंतजार कर रहे हैं। कोरोना महामारी के कारण कई बार इसकी रिलीज डेट बदली जा चुकी है। इससे पहले खबर आई थी कि फिल्म 11 फरवरी को सिनेमाघरों में आएगी, लेकिन अब फिर इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। फिल्म की राह बेसब्री से देख रहे दर्शक इस खबर से बेशक मायूस हो जाएंगे। शहीद संदीप उन्नीकृष्णन के जीवन पर आधारित यह फिल्म पर्दे पर कब आएगी, आइए जानते हैं।
2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के शहीद मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की कहानी दर्शकों के सामने आने वाली है। इसमें अभिनेता अदिवी शेष मेजर संदीप का किरदार निभा रहे हैं। कोरोना के चलते कई बार फिल्म की रिलीज को टाला जा चुका है। मेजर की नई रिलीज डेट की जानकारी अदिवी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 27 मई, 2022 को फिल्म मेजर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, मेजर का वादा है ये। 
यह फिल्म पिछले साल 2 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना के कारण यह टल गई। फिर फिल्म को 2022 तक के लिए टाल दिया गया। फिर खबर आई कि मेजर 11 फरवरी, 2022 को दर्शकों के बीच आएगी, लेकिन अब फिल्म की रिलीज डेट फिर बदल गई है। अदिवी कहते हैं कि वह हमेशा से चाहते थे कि मेजर को एक ऐसी रिलीज मिले, जिससे वह इस हमले में अपनी जान गवां चुके लोगों को सम्मान मिले। 
अदिवी शेष साउथ के चर्चित अभिनेता, निर्देशक और स्क्रीनराइटर हैं। उन्होंने 2010 में फिल्म करमा से बतौर एक्टर और डायरेक्टर अपना करियर शुरू किया था। वह कई सफल तेलुगु फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। वह फिल्म मेजर से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाले हैं। 
फिल्म में अदिवी शेष के अलावा सई मांजरेकर, प्रकाश राज, रेवती, मुरली शर्मा और शोभिता धुलीपाल जैसे कलाकार अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म हिंदी, तेलुगु और मलयालम भाषा में रिलीज होगी। शशि किरण टिक्का के निर्देशन में बनी यह एक्शन-ड्रामा फिल्म मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के सफर को दिखाती है, जिन्होंने मुंबई 2008 के आतंकवादी हमलों के दौरान लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान दे दी थी। इस फिल्म का निर्माण महेश बाबू ने किया है। 
मेजर संदीप उन्नीकृष्णन एक बहादुर एनएसजी कमांडो थे, जिन्होंने कई बंधकों की जान बचाने के दौरान मुंबई के ताज होटल में हुए आतंकी हमले में अपनी जान गंवा दी थी। उन्होंने अकेले ही चार-चार आतंकवादियों को चित करते हुए शहादत दी थी। 1999 में आर्मी में भर्ती के कुछ समय बाद ही संदीप ने कारगिल युद्ध में जबरदस्त कौशल दिखाया था। इस फिल्म में उनकी लव स्टोरी को भी दिखाया जाएगा, जिससे कई लोग अनजान हैं। 

Share On WhatsApp