आज के मुख्य समाचार

27-Dec-2018 12:21:31 pm
Posted Date

हत्या के दोषी दो लोगों को फांसी

तोक्यो ,27 दिसंबर ।जापान में हत्या के दोषी दो लोगों को गुरुवार को फांसी दे दी गई। इसके साथ ही देश में इस साल फांसी पर चढ़ाए गए लोगों की संख्या 15 हो गई है। देश में अभी 100 से अधिक कैदी मौत की सजा का सामना कर रहे हैं। जापान मृत्युदंड को बरकरार रखने वाले कुछ विकसित देशों में से एक है और अंतरराष्ट्रीय आलोचना तथा मानवाधिकार समूहों की ओर से आलोचना के बावजूद देश में मौत की सजा को जनता का भारी समर्थन प्राप्त है। जापान के न्याय मंत्री ताकाशी यामाशिता ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कीजो कावामुरा (60) और हिरोया स्यूमोरी (67) को फांसी दी गई। वे 1988 में हुई एक निवेश कंपनी के प्रमुख और एक कर्मचारी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे। इन लोगों ने करीब दस लाख येन : आज की दर से 900,000 डालर चुराने के बाद दोनों पीडि़तों के शवों को पहाड़ी पर कंक्रीट में दबा दिया था। उन्हें साल 2004 में फांसी की सजा सुनायी गयी थी। विधि मंत्री तकाशी यामाशिता ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, ‘‘ यह बेहद जघन्य अपराध था जिसने पूरे समाज को झकझोर दिया था।’’ पूर्व अभियोजक विधि मंत्री ने बताया कि उन्होंने काफी सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद ही फांसी की सजा का आदेश दिया था । उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि जापान निकट भविष्य में फांसी की सजा को खत्म करने वाला नहीं है। इन दो लोगों को फांसी दिए जाने के साथ जापान में इस साल फांसी पर चढ़ाए गए लोगों की संख्या 15 हो गई है।

Share On WhatsApp