मनोरंजन

28-Jan-2022 4:30:22 am
Posted Date

फिल्म जी ले जरा से बाहर हो सकती हैं प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा काफी समय से फिल्म जी ले जरा को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म के जरिए वह बॉलीवुड में अपनी वापसी करने वाली थीं। एक और खास बात यह थी कि इसके जरिए वह पहली बार कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट के साथ काम करने वाली थीं, लेकिन अब प्रियंका इस फिल्म को छोडऩे पर विचार कर रही हैं। उन्होंने निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर से इस बारे में बातचीत की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मां बनने के बाद प्रियंका ने अपनी आगामी योजनाओं में बदलाव किया है। जी ले जरा को लेकर उन्होंने फरहान अख्तर से बात की है। प्रियंका ने कहा कि वह फिल्म में उनकी जगह किसी दूसरी अभिनेत्री को साइन कर लें। प्रियंका फिल्म शुरू करने वाली थीं, लेकिन अब वह अपने बच्चे के साथ वक्त बिताना चाहती हैं, इसलिए उन्होंने फिल्म से पीछे हटने का फैसला किया है। निर्माता उनकी जगह दूसरी हीरोइन तलाश रहे हैं।
प्रियंका ने दो दिन पहले ही अपने प्रशंसकों को यह खुशखबरी दी थी कि वह मां बन गई हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमने सरोगेसी के जरिए अपने बच्चे का स्वागत किया है। उन्होंने आगे लिखा, इस खास मौके पर हम सम्मानपूर्वक आपसे निजता की मांग करते हैं, क्योंकि इस समय हम अपना ध्यान अपने परिवार पर केंद्रित करना चाहते हैं। सभी का धन्यवाद। 
इस फिल्म के निर्देशक भी फरहान हैं। इसके जरिए वह निर्देशन जगत में वापसी कर रहे हैं। आखिरी बार फरहान ने 2011 में डॉन 2 के निर्देशन की कमान संभाली थी। उन्होंने पिछले साल अगस्त में फिल्म की घोषणा की थी। यह एक रोड ट्रिप पर आधारित होगी। इसकी कहानी फरहान की बहन जोया अख्तर ने लिखी है। पिछले दिनों खबर आई थी कि इस फिल्म में कैटरीना के अपोजिट उनके पति विक्की कौशल को कास्ट किया जा रहा है। 
फरहान-प्रियंका जी ले जरा के लिए भले ही साथ ना आएं, लेकिन इससे पहले दिल धडक़ने दो में उन्होंने साथ काम किया था। फरहान इस फिल्म के निर्माता थे। उन्होंने इसमें अभिनय भी किया था। स्काई इज पिंक में दोनों ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
प्रियंका पिछली बार हॉलीवुड फिल्म द मैट्रिक्स रीसरेक्शंस में नजर आई थीं। फिल्म में उन्होंने सती की भूमिका निभाई और हमेशा की तरह उन्हें दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया। प्रियंका जल्द ही एक अन्य हॉलीवुड रोमांटिक फिल्म टेक्स्ट फॉर यू में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। इसकी शूटिंग वह पहले ही पूरी कर चुकी हैं। वह अपनी पहली वेब सीरीज सिटाडेल को लेकर भी सुर्खियों में हैं। एवेंजर्स एंडगेम के रूसो ब्रदर्स इस स्पाई थ्रिलर सीरीज को बना रहे हैं। 

Share On WhatsApp