मनोरंजन

21-Jan-2022 4:52:56 am
Posted Date

नितेश तिवारी की रोमांटिक फिल्म में दिखेंगे वरुण धवन और कियारा

वरुण धवन और कियारा आडवाणी की ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शक पसंद करते हैं। करण जौहर की फिल्म कलंक में भी दोनों साथ नजर आए थे। अब इन दोनों कलाकारों के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर आई है। खबरों की मानें तो वरुण और कियारा नितेश तिवारी की अगली रोमांटिक फिल्म में नजर आएंगे। पहले ऐसी खबरें आई थीं कि वरुण के अपोजिट जाह्नवी कपूर को कास्ट किया गया है। 
रिपोर्ट के मुताबिक, कियारा नितेश की अगली फिल्म में वरुण के अपोजिट नजर आएंगी। खबरों की मानें तो वरुण और कियारा ने प्रेम कहानी पर आधारित इस फिल्म को साइन कर लिया है। इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस करने वाले हैं। मेकर्स ने फिल्म की कहानी से पर्दा नहीं उठाया है। वरुण और कियारा दोनों फरवरी के मध्य में इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।
नितेश और साजिद पहले भी साथ काम कर चुके हैं। इससे पहले दोनों ने 2019 में फिल्म छिछोरे में साथ काम किया था। दूसरी तरफ वरुण, साजिद के साथ इससे पहले ढिशुम, कलंक और जुड़वा 2 में साथ काम कर चुके हैं। वरुण पहले नितेश की रोमांटिक फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इसके बाद वह सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता शहीद अरुण खेत्रपाल के जीवन पर बन रही फिल्म इक्कीस का काम शुरू करेंगे। 
इस फिल्म के अलावा वरुण और कियारा जुग जुग जियो में भी नजर आएंगे। अनिल कपूर और नीतू कपूर फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म इस साल 24 जून को दर्शकों के बीच आएगी। फिल्म का निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं। वहीं, फिल्म के निर्माण की जिम्मेदारी करण जौहर के कंधे पर है। नीतू और अनिल पर कई मजेदार दृश्य फिल्माए गए हैं। दोनों ने फिल्म में वरुण के माता-पिता की भूमिका निभाई है। 
वरुण फिल्म रणभूमि को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ जाह्नवी भी दिखेंगी। वरुण का नाम हॉरर कॉमेडी फिल्म भेडिय़ा से जुड़ा है। इस फिल्म में उनके साथ कृति सैनन नजर आएंगी। फिल्म इक्कीस भी वरुण के खाते से जुड़ी है। कियारा भूल भुलैया 2 में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आएंगी। विक्की कौशल की मिस्टर लेले में भी वह दिखेंगी। शशांक खेतान की इस फिल्म में भी वरुण अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। 

Share On WhatsApp