मनोरंजन

16-Jan-2022 4:48:57 am
Posted Date

जी ले जरा में विक्की कौशल की एंट्री, कैटरीना के साथ बन सकती है जोड़ी

फिल्म जी ले जरा पिछले काफी समय से सुर्खियों में है। यह फिल्म इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इसमें एक शानदार स्टारकास्ट नजर आने वाली है। फिल्म में एक या दो नहीं, बल्कि तीन हसीनाएं नजर आएंगी। प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट को फिल्म के लिए कास्ट किया गया है। अब इससे अभिनेता विक्की कौशल का नाम भी जुड़ गया है। वह फिल्म में कैटरीना के अपोजिट नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, जी ले जरा से अब एक अभिनेता का नाम भी जुड़ गया है और वह हैं विक्की कौशल। खास बात है कि फिल्म के निर्माता विक्की को उनकी पत्नी बन चुकीं कैटरीना कैफ के अपोजिट कास्ट करने वाले हैं। यह विक्की और कैटरीना की साथ में पहली फिल्म हो सकती है। सूत्रों ने कहा है कि विक्की हर हाल में इस फिल्म का हिस्सा बनेंगे और निर्माता जल्द ही फिल्म में उनके नाम की पुष्टि करेंगे।
इस फिल्म का निर्देशन फरहान अख्तर कर रहे हैं। उन्होंने पिछले साल अगस्त में फिल्म की घोषणा की थी। यह एक रोड ट्रिप पर आधारित होगी। ऐसा पहला मौका होगा, जब प्रियंका, कैटरीना और आलिया किसी फिल्म में साथ नजर आएंगी। जी ले जरा के जरिए फरहान निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। आखिरी बार उन्होंने 2011 में फिल्म डॉन 2 के निर्देशन की कमान संभाली थी। फिल्म की कहानी फरहान की बहन जोया अख्तर ने लिखी है। 
फरहान और विक्की ने पहले कभी साथ काम नहीं किया। विक्की, फरहान की फिल्म भाग मिल्खा भाग में उनके दोस्त बनते, लेकिन वह ऑडिशन में फेल हो गए। यह खुलासा खुद विक्की ने किया था। पहली बार उन्होंने इसी फिल्म के लिए ऑडिशन दिया था।
शादी से पहले भी विक्की-कैटरीना के साथ काम करने की खबरें आई थीं। खुद कैटरीना ने यह इच्छा जाहिर की थी कि वह विक्की के साथ फिल्म करना चाहती थीं, वहीं विक्की भी उनके साथ काम करने के लिए उतावले हो रहे हैं। शादी के बाद भी यह चर्चा तेज हो गई कि दोनों अपने किसी खास दोस्त के बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्म में साथ काम करने वाले हैं। हालांकि, इससे जुड़ा कोई नया अपडेट सामने नहीं आया है। 
विक्की भारतीय क्रांतिकारी सरदार उधम सिंह की बायोपिक में नजर आएंगे। वह निर्देशक शशांक खैतान की फिल्म मिस्टर लेले में मुख्य भूमिका निभाएंगे। विक्की भारत के महान युद्ध नायकों में से एक सैम मानेकशॉ के जीवन पर बनने वाली फिल्म सैम बहादुर और फिल्म द ग्रेट इंडियन फैमिली का भी हिस्सा हैं। दूसरी तरफ कैटरीना फिल्म टाइगर 3 में नजर आएंगी। वह फिल्म फोन भूत में दिखेंगी। इसके अलावा फिल्म मैरी क्रिसमस भी उनके खाते से जुड़ी है। 

Share On WhatsApp