राजधानी

24-Dec-2018 11:22:18 am
Posted Date

गहलोत मंत्रिमंडल तैयार, 13 कैबिनेट, 10 राज्यमंत्री शामिल

जयपुर ,24 दिसंबर । प्रदेश में अशोक गहलोत के नेतृत्व में मंत्रिमंडल गठन के बाद विस्तारीकरण के  तहत 23 विधायकों ने सोमवार को मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल कल्याण सिंह ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। गहलोत मंत्रिमंडल में शामिल 23 मंत्रियों में कांग्रेस के 22 और राष्ट्रीय लोकदल से एक मंत्री शामिल हैं।
सोमवार को राजभवन में आयोजित शपथग्रहण समारोह में कुल 13 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल के नामों पर अंतिम मुहर लगी। नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ नेताओं के साथ पिछले दिनों मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित पार्टी के नेताओं ने कई दौर की बैठकों के बाद रविवार को इन सभी मंत्रियों के नामों पर अंतिम सहमति दी। बता दें कि 17 दिसंबर को जयपुर के अल्बर्ट हॉल में अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री पद की और सचिन पायलट ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
ये बने मंत्री 
गहलोत सरकार के मंंत्रिमंडल में नए मंत्री के रूप में बी डी कल्ला, रघु शर्मा, शांति धारीवाल, लालचंद कटारिया, प्रमोद जैन भाया, परसादी लाल मीणा, विश्वेन्द्र सिंह, हरीश चौधरी, रमेश चंद्र मीणा, भंवर लाल मेघवाल, प्रताप सिंह खाचरियावास, उदय लाल अंजाना, सालेह मोहम्मद, और गोविंद सिंह डोटासरा शामिल हैं। इसके अलावा ममता भूपेश, अर्जुन सिंह बामनिया, भंवर सिंह भाटी, सुखराम विश्नोई,अशोक चांदना, टीकाराम जोली, भजनलाल जाटव, राजेन्द्र सिंह यादव और आरएलडी के सुभाष गर्ग ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

Share On WhatsApp