मनोरंजन

30-Nov-2021 4:14:23 am
Posted Date

83 के बाद कबीर सिंह की एक और फिल्म में दिखेंगे रणवीर सिंह

रणवीर सिंह अपनी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 83 को लेकर लाइम लाइट में हैं। इस फिल्म का निर्देशन कबीर खान ने किया है। अभी यह फिल्म रिलीज भी नहीं हुई है कि रणवीर के खाते में कबीर की एक और फिल्म जुड़ गई है। कहा जा रहा है कि 83 के निर्माण के दौरान कबीर और रणवीर के बीच बॉन्डिंग बढ़ गई थी। इस दौरान ही फिल्ममेकर ने अपनी अगली फिल्म की स्क्रिप्ट रणवीर को सुनाई थी। 
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 83 के बाद कबीर की एक और फिल्म में रणवीर अपने अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करते दिखेंगे। रणवीर और कबीर ने इस संबंध में बातचीत शुरू कर दी है। अगर सबकुछ योजना के मुताबिक रहा तो उनकी इस फिल्म की शूटिंग अगले साल की गर्मियों में शुरू हो जाएगी। सूत्र ने बताया कि अगले साल की शुरुआत में फिल्म की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
खबरों की मानें तो कबीर लॉकडाउन के दौरान विचार कर रहे थे कि उन्हें आगे क्या करना है। इसी दरमियान उनके दिमाग में छोटे शहर के एक कमजोर तबके के लडक़े की कहानी ने जन्म लिया। इसके बाद उन्होंने इसे रणवीर को सुनाया, जिसे उन्होंने पसंद किया। कहा जा रहा है कि अभिनेता रणवीर को स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई कि वह इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। 
सर्कस और रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के बाद रणवीर इस फिल्म से जुड़ेंगे। सर्कस का निर्देशन रोहित शेट्टी कर रहे हैं, जबकि रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के निर्देशन का जिम्मा करण जौहर के हाथ में है।
फिल्म 83 में रणवीर सिंह कपिल देव के रोल में हैं, जबकि दीपिका पादुकोण उनकी पत्नी रोमी देव की भूमिका में हैं। फिल्म में बोमन ईरानी और पंकज त्रिपाठी जैसे कई बेहतरीन कलाकार विभिन्न भूमिकाओं में दिखेंगे। 83 हिन्दी के अलावा दक्षिण भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी। यह फिल्म भारतीय क्रिकेट के 1983 के ऐतिहासिक वर्ल्ड कप की जीत पर आधारित होगी, जिसके केंद्र में कपिल देव होंगे। इस फिल्म का थ्रीडी वर्जन भी उपलब्ध होगा। 
रणवीर के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म सूर्यवंशी में नजर आए हैं। इस फिल्म में उनका स्पेशल अपीयरेंस था। वह निर्देशक शंकर की फिल्म अन्नियन की हिन्दी रीमेक में काम कर रहे हैं। रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस के हीरो रणवीर ही हैं। वह जयेशभाई जोरदार को लेकर सुर्खियों में हैं। इसके अलावा रणवीर, करण जौहर की फिल्म तख्त में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। 

Share On WhatsApp