मनोरंजन

09-Nov-2021 3:11:26 am
Posted Date

अर्जुन कपूर अभिनीत अजय बहल की फिल्म द लेडी किलर में दिखेंगी भूमि पेडनेकर

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर के खाते में इस वक्त कई बड़ी फिल्में हैं। वह उन चंद अभिनताओं में शामिल हैं, जिनका शेड्यूल काफी अस्त-व्यस्त होता है। हाल में वह फिल्ममेकर अजय बहल की फिल्म द लेडी किलर से जुड़े हैं। अर्जुन ने खुद इस फिल्म का ऐलान किया था। अब जानकारी सामने आ रही है कि इस फिल्म में भूमि पेडनेकर भी शामिल हो गई हैं। वह फीमेल लीड किरदार निभाएंगी। 
रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जुन अभिनीत बहल की फिल्म द लेडी किलर में अभिनेत्री भूमि नजर आ सकती हैं। एक सूत्र ने कहा, मेकर्स भूमि को फिल्म में शामिल करने के लिए बेहद उत्सुक थे और अभिनेत्री को भी स्क्रिप्ट पसंद आई है। फिलहाल कागजी कार्रवाई और अन्य औपचारिकताएं चल रही हैं। इसी बीच बहल ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर काम शुरू कर दिया है। फिल्म के निर्देशन की कमान बहल ही संभाल रहे हैं।
सूत्र ने आगे बताया कि फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बहल ने इससे पहले बीए पास और सेक्शन 375 जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। यह पहली बार होगा जब अर्जुन और भूमि एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। अर्जुन ने हाल में इस फिल्म का पहला पोस्टर प्रशंसकों के साथ साझा किया था। इसमें वह अलग अंदाज में नजर आए थे और इसे लोगों ने भी पसंद किया था। 
अर्जुन ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा था, इसमें रोमांच है, रोमांस है, इमोशन है और सस्पेंस भी है। लेकर आ रहा हूं आपके लिए फिल्म द लेडी किलर। यह एक शानदार प्रेम कहानी है और मेरी अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म है। मुझ पर भरोसा करने के लिए निर्देशक विकास बहल का बहुत-बहुत शुक्रिया। फिल्म को भूषण कुमार, शैलेश आर सिंह और कृष्णा कुमार मिलकर बना रहे हैं। 
अर्जुन पिछले काफी समय से फिल्म एक विलेन रिटर्न्स को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसमें वह नकारात्मक भूमिका में नजर आ सकते हैं। इस फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं। वह जल्द ही फिल्म कुत्ते में भी एक खास भूमिका निभाते दिखेंगे। भूमि महेश मथाई की फिल्म सारे जहां से अच्छा में दिख सकती हैं। वहीं, उन्हें करण जौहर की बहुप्रतीक्षित फिल्म तख्त में भी देखा जा सकता है। 

Share On WhatsApp