मनोरंजन

17-Sep-2021 5:47:16 pm
Posted Date

स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता की बायोपिक में हो सकती है तापसी या भूमि की एंट्री

पिछले काफी समय से यह चर्चा जोरों पर है कि करण जौहर स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता के जीवन पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। करण उनकी उपलब्धियों और जीवन से बेहद प्रभावित हैं और इसी वजह से उन्होंने ऊषा मेहता के जीवन को पर्दे पर लाने का फैसला किया है। अब खबर है कि इस फिल्म में ऊषा की भूमिका के लिए तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर का नाम सबसे ऊपर है।
रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म का निर्देशन केतन मेहता कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू कर दिया है और इस साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक ऊषा मेहता की भूमिका के लिए केतन के जहन में बस दो ही नाम हैं। एक हैं तापसी पन्नू और दूसरी हैं भूमि पेडनेकर। वह दोनों में से किसी एक को फिल्म में लेना चाहते हैं। नवंबर तक फिल्म की कास्ट फाइनल हो जाएगी।
तापसी और भूमि की असल जिंदगी में काफी अच्छी बॉन्डिंग है। दोनों ने फिल्म सांड की आंख में साथ काम किया था और इसी फिल्म के सेट पर उनकी दोस्ती हुई थी। यह फिल्म 2019 में रिलीज हुई थी। इसमें तापसी ने प्रकाशी तोमर की भूमिका निभाई थी, वहीं चंद्रो तोमर का किरदार भूमि ने निभाया था। तापसी और भूमि अक्सर एक-दूसरे का समर्थन करती दिखती हैं। सोशल मीडिया पर साथ में दोनों की तस्वीरें भी वायरल होती हैं। 
बात करें ऊषा मेहता की तो भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उन्होंने कांग्रेस रेडियो नाम की एक खुफिया रेडियो सर्विस शुरू की थी। इसके माध्यम से वह आजादी के लिए संघर्ष करने वालों की मदद करने लगी थीं। उन्हें भारत की पहली रेडियो वुमन भी कहा जाता है। इस रेडियो के जरिए लोगों को स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी जानकारी दी जाती थी। देश को आजादी मिलने के बाद ऊषा मेहता को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। 
तापसी ने हाल ही में अपने होम प्रोडक्शन की पहली फिल्म ब्लर की शूटिंग पूरी की है। वह फिल्म शाबाश मिठू और थ्रिलर फिल्म लूप लपेटा में दिखाई देंगी। तापसी फिल्म दोबारा, तमिल थ्रिलर फिल्म जन गण मन और ऐनाबेले सेतुपति का हिस्सा हैं। दूसरी तरफ भूमि, अली अब्बस जफर की अगली फिल्म में शाहिद कपूर के साथ नजर आएंगी। वह अक्षय कुमार अभिनीत रक्षाबंधन में काम कर रही हैं। भूमि बधाई दो में राजकुमार राव के साथ दिखाई दिखेंगी। 

Share On WhatsApp