मनोरंजन

09-Sep-2021 3:05:37 am
Posted Date

स्टार वर्सेज फूड 2 में अनिल, जाह्नवी, अनन्या और नोरा फतेही समेत दिखेंगे कई सितारे

स्टार वर्सेज फूड का पहला सीजन काफी लोकप्रिय हुआ था। इस सीजन में कई हस्तियों ने किचन में अपना हुनर दिखाया था। बॉलीवुड कलाकारों को किचन में खाना बनाते हुए देखना प्रशंसकों के लिए एक अलग अनुभव था। शो के पहले सीजन की सफलता के बाद अब मेकर्स ने स्टार वर्सेज फूड 2 का एक टीजर जारी कर दिया है। इसमें अनिल कपूर, जाह्नवी कपूर, अनन्या पांडे और नोरा फतेही नजर आई हैं। 
डिस्कवरी प्लस ने शो के दूसरे सीजन का टीजर जारी किया है। इस टीजर में बॉलीवुड के कई कलाकार किचन में संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। इस शो में मशहूर गायक बादशाह और जाकिर खान भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले हैं। शो के टीजर में इन कलाकारों को किचन में हाथ आजमाते हुए दिखाया गया है। स्टार वर्सेज फूड 2 का प्रसारण 8 सितंबर को डिस्कवरी प्लस पर होगा। 
इस शो को लेकर जाह्नवी ने अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने कहा, एक कोरियाई व्यंजन पकाने का अनुभव अद्वितीय था। इस बार मैं एक रेस्तरां में अपने भोजन का आनंद लेने के बजाय किचन में मौजूद थी। कोरियाई व्यंजन सबसे चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन शेफ बसु के जुनून ने मुझे रसोई में इतनी सारी भूलों के बाद भी प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। रसोई के अपने डर पर काबू पाकर गर्व महसूस हो रहा है। 
स्टार वर्सेज फूड 2 के टीजर में सभी कलाकार जबरदस्त अंदाज में नजर आए हैं। इसमें नोरा और अनन्या चाकू थामी हुई दिख रही हैं। वहीं, अनिल बेलन दिखाते हुए नजर आए हैं। टीजर देखने से पता चलता है कि सभी कलाकार अलग-अलग डिश बनाने में व्यस्त हैं। टीजर में साफ दिख रहा है कि डिश बनाने में सभी की हालत खराब हो रही है। अनिल अपने ही अंदाज में कहते दिखे हैं, टाइम लगता है सीखने को। 
स्टार वर्सेज फूड के पहले सीजन में भी बॉलीवुड के कई कलाकारों ने शिरकत की थी। शो के पहले सीजन में करीना कपूर, करण जौहर, मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर और प्रतीक गांधी जैसे कलाकारों ने किचन में अपना जलवा दिखाया था। इस शो का पहली सीजन डिस्कवरी प्लस पर इसी साल 15 अप्रैल को रिलीज हुआ था। शो का प्रसारण हिन्दी भाषा में होता है। उम्मीद है कि पहले सीजन की तरह इसके दूसरे सीजन को भी अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी। 

Share On WhatsApp