मनोरंजन

06-Sep-2021 3:42:24 am
Posted Date

हीरा मंडी में रेखा की जगह ऐश्वर्या राय को कास्ट कर सकते हैं भंसाली

संजय लीला भंसाली फिल्म जगत के लोकप्रिय निर्देशक हैं। वह अपनी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज हीरा मंडी को लेकर चर्चा में हैं। फिलहाल इस प्रोजेक्ट की कास्टिंग की प्रक्रिया चल रही है। कुछ समय पहले जानकारी सामने आई थी कि सीरीज में भंसाली सदाबहार अभिनेत्री रेखा को शामिल कर सकते हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि भंसाली हीरा मंडी में रेखा की जगह ऐश्वर्या राय को कास्ट करने का मन बना रहे हैं। 
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सीरीज हीरा मंडी में रेखा की जगह ऐश्वर्या को चुना जा सकता है। एक सूत्र ने बताया, यह वही भूमिका है जिसके लिए रेखा के नाम पर विचार किया जा रहा था। ऐसा माना जाता है कि रेखा का पिछले कुछ वर्षों में निर्देशक के साथ काम करना मुश्किल हो गया है। रेखा को साइन करने का भंसाली का उत्साह फिल्म फितूर के निर्माण के दौरान खत्म हो गया था।
सूत्र ने आगे बताया कि फितूर के निर्माण के दौरान निर्देशक अभिषेक कपूर के साथ रेखा के व्यवहार से भंसाली काफी असहज हो गए थे। इसके बाद रातों-रात रेखा को फिल्म से हटा दिया गया था और उनके स्थान पर तब्बू को चुना गया था। सूत्र ने कहा, ऐसी समस्याओं का सामना करने के बजाय भंसाली ने हीरा मंडी में रेखा को कास्ट करने का विचार छोड़ दिया है। उनके स्थान पर ऐश्वर्या को चुना जा सकता है। 
ऐश्वर्या को भंसाली का पसंदीदा अभिनेत्री माना जाता है। इससे पहले ऐश्वर्या और भंसाली ने हम दिल दे चुके सनम, देवदास और गुजारिश जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट में ऐश्वर्या की कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐश्वर्या तमिल के अपने पसंदीदा फिल्ममेकर मणिरत्नम के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं। यह प्रोजेक्ट लगभग पूरा होने वाला है। 
हीरा मंडी में हुमा कुरैशी और सोनाक्षी सिन्हा सेक्स वर्कर की भूमिका में दिखेंगी। सोनाक्षी ने फिल्म के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीरीज में वह मुजरा करती हुईं नजर आ सकती हैं। सीरीज भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान वेश्याओं और उनके अमीर ग्राहकों के जीवन के इर्दगिर्द घूमती है। कई पुरुष अभिनेता भी इसमें मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे। हाल में हीरा मंडी के पहले सीजन के लिए नेटफ्लिक्स ने 35 करोड़ रुपये चुकाए हैं। 
ऐश्वर्या के पास आने वाले दिनों में डेट्स उपलब्ध होंगे, इसलिए प्रोजेक्ट में उनके शामिल होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। ऐश्वर्या ने 19 जुलाई को आधिकारिक तौर पर अपने आगामी प्रोजेक्ट पोन्नियिन सेल्वन की घोषणा कर दी थी। इस फिल्म का निर्देशन ही मणिरत्नम कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। फिल्म के साथ ऐश्वर्या चार साल बाद फिल्म इंडस्ट्री में अपनी वापसी करेंगी। फिल्म कल्कि कृष्णमूर्ति की 1995 में आई उपन्यास पर आधारित है। 

Share On WhatsApp