मनोरंजन

14-Aug-2021 4:40:27 am
Posted Date

वंदे मातरम: देशभक्ति, एक्शन और रोमांच से भर देगा टाइगर श्रॉफ का गाना

वंदे मातरम भारत का राष्ट्रीय गीत है। वंदे मातरम को गाकर हम देश के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर करते हैं। हाल में स्वतंत्रता दिवस की थीम पर बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ अपना गाना वंदे मातरम लेकर आए हैं। यह म्यूजिक वीडियो स्वतंत्रता दिवस से कुछ दिन पहले 10 अगस्त को रिलीज हुआ है। इसमें टाइगर देश के प्रति अपनी देशभक्ति को उजागर करते हुए दिखे हैं। टाइगर ने वंदे मातरम को अपनी आवाज दी है।
टाइगर ने पहली बार किसी गाने को अपनी आवाज दी है। उनकी मधुर आवाज के साथ-साथ उनके डांस स्टेप दर्शकों को प्रभावित कर रहे हैं। उनका यह म्यूजिक वीडियो भारतीय रक्षा बलों को सच्ची श्रद्धांजलि देता है। पुराने दृश्यों के साथ कुछ नए दृश्यों को मिलाकर यह म्यूजिक वीडियो तैयार किया गया है। इसमें वायु सेना, नौसेना, स्वतंत्रता दिवस परेड और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमर जवान ज्योति को सलामी देने वाले पुराने फुटेज शामिल हैं। 
इस गाने में जितनी टाइगर की गायिकी की तारीफ नहीं हो रही है, उसे कहीं अधिक उनके डांस मूव्स और स्टंट की वाहवाही हो रही है। उन्होंने अपने गजब के करतब के साथ गाने में जान फूंक दी है। इस गाने के साथ टाइगर ने लोगों में देशभक्ति की भावनाएं भरने की कोशिश की है। इसमें वह एक पेशेवर गायक की तरह गाते दिखे हैं। वह गाने के टोन को जरूरत के अनुसार ऊपर-नीचे करते पाए गए हैं। 
कौशल किशोर के खूबसूरत लीरिक्स ने इस म्यूजिक वीडियो को खास बना दिया है। विशाल मिश्रा ने इसके म्यूजिक को कंपोज किया है। इसका म्यूजिक भी दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। सोशल मीडिया पर भी गाने को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। प्रशंसकों के अलावा प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले ने गाने में टाइगर की आवाज की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा, मैंने टाइगर का वंदे मातरम सुना। उन्होंने बिना लय खोए खूबसूरती से गाया है। 
फैंस के लिए स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए यह परफेक्ट गाना हो सकता है। वंदे मातरम का निर्देशन रेमो डिसूजा ने किया है और जैकी भगनानी के जस्ट म्यूजिक द्वारा इसका निर्माण किया गया है। इस म्यूजिक वीडियो की खामी यही है कि यह तीन मिनट 53 सेकेंड लंबी है। कई बार ऐसा महसूस होता है कि गाने को जबरदस्ती खींचा गया है। इससे गाने की लय बाधित होती है।

Share On WhatsApp