मनोरंजन

07-Aug-2021 2:05:11 pm
Posted Date

पांच साल बाद साथ आए आलिया और रोहित सर्राफ

अगर आपने फिल्म डियर जिंदगी देखी होगी तो आपको इसमें आलिया भट्ट के भाई बने अभिनेता रोहित सर्राफ तो याद ही होंगे। दोनों की बॉन्डिंग दर्शकों को बेहद पसंद आई थी। अब एक बार फिर दोनों साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस बार वे किसी फिल्म नहीं, बल्कि विज्ञापन के लिए साथ आए हैं। रोहित ने खुद सोशल मीडिया एक वीडियो शेयर कर यह जानकारी दी है।
आलिया भट्ट और रोहित सर्राफ पांच साल बाद एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए साथ लौटे हैं। रोहित ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर लिखा, कायरा और किड्डो को हमेशा स्क्रीन पर किसी ना किसी चीज के लिए संघर्ष करना पड़ता है। इस पर आलिया ने लिखा, किड्डो ओ ओ ओ ओ। इसके साथ उन्होंने दिलवाले इमोजी भी बनाए। बता दें किड्डो प्यार का नाम था, जो आलिया उर्फ कायरा ने रोहित को फिल्म डियर जिंदगी में दिया था। 
डियर जिंदगी में रोहित और आलिया यानी किड्डो और कायरा का भाई-बहन का समीकरण गजब का था। एक प्रशंसक ने लिखा, मैं चाहता हूं कि आप दोनों पर्दे पर वापस आएं। एक ने लिखा, मैं किड्डो और कायरा को एक साथ देखना चाहता हूं। वहीं एक अन्य प्रशंसक ने लिखा, आप दोनों फिर पर्दे पर साथ कब दिखेंगे? ऐसे ही और भी कई फैंस हैं, जो एक बार फिर से उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री देखने को बेताब हैं। 
रोहित सर्राफ ने 2016 में डियर जिंदगी से फिल्मी दुनिया में आगाज किया था। फिल्म में उन्होंने एक सहायक भूमिका निभाई थी। इसके बाद वह हिचकी और द स्काई इज पिंक जैसी फिल्मों में भी नजर आए। रोहित को पिछले साल अनुराग बासु की फिल्म लूडो में देखा गया था। उन्होंने शो बेस्ट फ्रेंड्स फोरेवर से 2012 में टीवी जगत में कदम रखा था। वह एक बूंद इश्क जैसे कई धारावाहिकों में नजर आ चुके हैं। 
आलिया जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में नजर आएंगी। वह अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म ब्रह्मास्त्र में रणबीर कपूर के साथ काम कर रही हैं। आलिया, करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म तख्त में भी एक अहम भूमिका निभाएंगी। वह करण की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में भी दिखाई देंगी। निर्देशक एस.एस राजमौली की फिल्म  आरआरआर आलिया की पहली पैन इंडिया फिल्म होगी। आलिया फिल्म डार्लिंग्स का भी हिस्सा हैं। 

 

Share On WhatsApp