मनोरंजन

01-Aug-2021 8:57:57 pm
Posted Date

दीपिका पादुकोण के साथ दोबारा बन सकती है रजनीकांत की जोड़ी

साउथ इंडस्ट्री के भगवान का दर्जा पा चुके रजनीकांत जल्द ही एक बार फिर दीपिका पादुकोण के साथ रोमांस करते नजर आ सकते हैं। दोनों इससे पहले फिल्म कोचादाइयां में साथ काम कर चुके हैं और अब एक बार फिर पर्दे पर साथ दिख सकते हैं। अब जो प्रशंसक दोनों को फिर साथ देखने को इंतजार कर रहे हैं, यह उनके लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है। आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है। 
एक रिपोर्ट के मुताबिक रजनीकांत ने एजीएस एंटरटेनमेंट के साथ एक फिल्म साइन कर ली है। देसिंगु पेरियासामी इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभालेंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि फिल्म की लीड हीरोइन के लिए दीपिका पादुकोण से बातचीत चल रही है। हालांकि, अभी इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कहा जा रहा है कि रजनीकांत और दीपिका दोबारा स्क्रीन शेयर करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
दीपिका और रजनीकांत पहली बार फिल्म कोचादइयां के लिए साथ आए थे। इस फिल्म को बनाने में काफी खर्च हुआ था। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई, वहीं दीपिका और रजनीकांत की जोड़ी भी दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आई थी। यह एक एनिमेटेड एक्शन फिल्म थी। इसमें दीपिका और रजनीकांत का मोशन अवतार देखने को मिला था। यह फिल्म मोशन कैप्चर तकनीक पर बनी पहली भारतीय फिल्म थी, जो 2014 में रिलीज हुई थी। 
रजनीकांत पिछले कुछ समय से फिल्म अन्नात्थे को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। यह इस दिवाली पर दुनियाभर में रिलीज होने के लिए तैयार है। सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 4 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में रजनीकातं के साथ अभिनेत्री नयनतारा नजर आएंगी। फिल्म में कीर्ति सुरेश, खुशबू, जैकी श्रॉफ, मीना और प्रकाश राज भी अहम किरदार में होंगे। पिछली बार रजनीकांत की फिल्म दरबार भी बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई थी। 
दीपिका जल्द ही द इंटर्न के हिंदी रीमेक में नजर आएंगी। वह रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 83 का हिस्सा हैं। इसमें दीपिका क्रिकेटर कपिल देव की पत्नी रोमा देवी की भूमिका में दिखेंगी। फिल्म सर्कस में वह मेहमान भूमिका निभाएंगी, वहीं, पठान में उन्हें शाहरुख खान के साथ देखा जाएगा। दीपिका निर्देशक शकुन बत्रा की फिल्म में भी काम कर रही हैं। इसमें वह सिद्धांत चतुर्वेदी और अनन्या पांडे के साथ नजर आएंगी। दीपिका फिल्म महाभारत का भी हिस्सा हैं। 

Share On WhatsApp