आज के मुख्य समाचार

01-Aug-2021 8:48:38 pm
Posted Date

मन्दाकिनी का रौद्र रुप : गांवों का कनेक्शन टूटा, यूपी-एमपी सीमा पर वाहन फंसे

चित्रकूट। लगातार तीन दिनों से मूसलाधार बारिश के चलते मन्दाकिनी नदी का पानी बढने के साथ खतरा बढता जा रहा है। मन्दाकिनी खतरे के निशान को पार कर चुकी है। खतरे का निशान पारकर पानी दुकानों में भर गया है। रामघाट पर नाव चल रही हैं।
पिछले एक सप्ताह से थम-थमकर हो रही बारिश अब  आफत बनती जा रही है। बारिश से जानकीकुण्ड, भरतघाट, रामघाट समेत नयागांव के कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। भरतघाट, आरोग्यधाम घाट डूब चुके हैं। पानी बढने के साथ खतरा बढता जा रहा है। मन्दाकिनी नदी खतरे के निशान को पारकर दुकानों में पानी भरने से रामघाट में नाव चलने लगी हैं। गुप्त गोदावरी में भी मन्दाकिनी नदी का पानी पहुंचने से अब पानी सडक से लेकर दुकानों तक में भर रहा है।
इससे गुप्त गोदावरी जाने वाले श्रद्धालुओं को रोका गया है। रामघाट और नदी किनारे वाले स्थानों पर एलर्ट जारी किया गया है। पाठा के दर्जन भर गांवों का शहर से कनेक्शन टूट गया है। बरदहा नदी में बाढ से ग्रामीणों की मुसीबतें बढ गई हैं। चमरौंहा, मऊ गुरदरी, पयासीपुरवा, रानीपुर समेत दर्जनों गांवों में बाढ का खतरा मंडरा रहा है। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने क्षेत्रीय अधिकारियों को राहत कार्य में जुटने के निर्देश दिये हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने रामघाट से लेकर मन्दाकिनी पुलघाट किनारे पुलिस कर्मियों को तैनात रहने के निर्देश दिये हैं।

Share On WhatsApp