खेल-खिलाड़ी

24-Jul-2021 8:52:49 pm
Posted Date

भारतीय हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने के लिए सभी पंजाबियों की शुभकामनाएं : मंजीत कौर

जालंधर । टोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन से ठीक पहले सुरजीत हॉकी सोसाइटी द्वारा आयोजित शानदार खेल कार्यक्रम में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह की माता मंजीत कौर ने टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाली भारतीय हॉकी टीम और अन्य खिलाडिय़ों को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
सुरजीत हॉकी सोसायटी के महासचिव इकबाल सिंह संधू और प्रमुख पी.आर.ओ. सुरिंदर सिंह भापा ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि स्थानीय सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित एक विशेष खेल समारोह में भारतीय हॉकी टीम के टोक्यो ओलंपिक में अच्छे प्रदर्शन की कामना के लिए भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह की मां मंजीत कौर ने सुरजीत हॉकी सुसाइटी के सदस्यों, सुरजीत हॉकी अकादमी के सभी खिलाडिय़ों, उनके माता-पिता और प्रशिक्षकों की एक बड़ी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज उन्हें सुरजीत हॉकी अकादमी में आकर बहुत खुशी हुई क्योंकि उनका बेटा मनप्रीत सिंह इसी सुरजीत हॉकी अकादमी से हॉकी सीखने के बाद वह आज टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी कर रहे हैं और भारतीय ध्वज को थामे हुए ओलंपिक दल का नेतृत्व भी कर रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने भारतीय हॉकी टीम और टोक्यो ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले अन्य खिलाडिय़ों को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाडिय़ों को 31 किलो के लड्डू भी बांटे। इससे पूर्व खिलाडिय़ों ने हॉकी स्टिक व तिरंगे झंडे लहराए, फूलों की वर्षा की और माता मनजीत कौर का हार्दिक स्वागत किया। बाद में सभी खिलाडिय़ों और मुख्य अतिथि मंजीत कौर ने केक काटा और ओलंपिक में भारतीय हॉकी के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कामना की। इस दौरान सुरजीत हॉकी अकादमी की खिलाड़ी हरजोत कौर ने भी हॉकी टीम को शानदार भाषण दिया।
सुरजीत हॉकी सोसाइटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविंदर पाल सिंह खैरा और अमरीक सिंह पवार, महासचिव इकबाल सिंह संधू , प्रमुख पी.आर.ओ. सुरिंदर सिंह भापा, पंजाब के मुख्य हॉकी कोच ओलंपियन और द्रोणाचार्य अवार्डी राजिंदर सिंह, जिला खेल अधिकारी जालंधर उमेश कुमार, कोच दविंदर सिंह, अल्फा हॉकी के मालिक जतिन महाजन और नितिन महाजन सहित अन्य ने मुख्य अतिथि मंजीत कौर को हॉकी भेंट कर सम्मानित किया।

Share On WhatsApp