मनोरंजन

17-Jul-2021 1:41:37 pm
Posted Date

फिल्म कपूर एंड संस में काम करना चाहते थे अर्जुन कपूर

अर्जुन कपूर बॉलीवुड के सफल अभिनेताओं में शुमार किए जाते हैं। वह कई फिल्मों में अपने अभिनय का जौहर दिखा चुके हैं। अब अर्जुन ने एक इंटरव्यू में अहम खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि वह 2016 में आई फिल्म कपूर एंड संस में काम करना चाहते थे। उन्होंने इस फिल्म के निर्देशक शकुन बत्रा को भी फिल्म में शामिल करने के लिए कॉल किया था। वह इस फिल्म में फवाद खान का किरदार निभाना चाहते थे। 
क्लब हाउस के एक सेशन में जेनिस सिच्ेरा और अनिरुद्ध गुहा से बातचीत में अर्जुन ने बताया कि फिल्म कपूर एंड संस के निर्देशक शकुन को कास्टिंग में दिक्कतें आ रही थीं, तभी उन्होंने उन्हें कॉल किया था। वह फिल्म में काम करने के लिए इच्छुक थे। उन्होंने बताया, बहुत लोगों को पता नहीं होगा, लेकिन अब मैं इसके बारे में बता सकता हूं। जब कपूर एंड संस का प्रोजेक्ट रुका हुआ था, तब मैंने शकुन को कॉल किया था। 
उन्होंने बताया कि वह फिल्म में गे नॉवेलिस्ट की भूमिका निभाने चाहते थे, जिसे फवाद ने अदा किया था। उन्होंने कहा कि वह आज भी फिल्म में नहीं लेने के लिए शकुन को चिढ़ाते हैं। उन्होंने बताया, मुझे फिल्म का ऑफर नहीं मिला था। मैंने सुना था कि फिल्म की कास्टिंग में परेशानी आ रही है। मैं शकुन को जानता था इसलिए मैंने उन्हें कहा कि मैं स्क्रिप्ट पढऩा चाहूंगा। मुझे लगता है कि मैं वह रोल निभा पाऊंगा। 
कपूर एंड संस में फवाद ने राहुल कपूर का किरदार निभाया था। इस किरदार को फवाद ने खूबसूरती से निभाया था, जिसके लिए उनकी प्रशंसा भी हुई थी। फिल्म में राहुल गे हैं, इसकी जानकारी किसी को नहीं होती है। यह बॉलीवुड की सफल फिल्मों में गिनी जाती है। इसमें रत्ना पाठक शाह, रजत कपूर, फवाद, ऋषि कपूर, आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा दिखे थे। फिल्म में परिवार के उलझे हुए रिश्तों को फिल्माने की कोशिश की गई है। 
अर्जुन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आने वाले दिनों में फिल्म एक विलेन रिटर्न्स में देखा जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं। इसमें उनके साथ जॉन अब्राहम, दिशा पटानी और तारा सुतारिया भी नजर आएंगी। इसके अलावा अर्जुन कॉमेडी हॉरर फिल्म भूत पुलिस में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। पवन कृपलानी के निर्देशन की इस फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान और जैकलीन फर्नांडिस भी अभिनय करती दिखेंगी। 

 

Share On WhatsApp