मनोरंजन

08-Jul-2021 8:56:18 pm
Posted Date

नयनतारा हो सकती हैं एटली की फिल्म में एसआरके की हीरोइन

शाहरुख ने इंडस्ट्री में 29 साल पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं, जिनके दम पर वह आज तक प्रशंसकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। भले ही शाहरुख की पिछली फिल्में दर्शकों की कसौटी पर खरी नहीं उतरीं, लेकिन इनसे उनका स्टारडम प्रभावित नहीं हुआ है। जल्द ही वह साउथ के लोकप्रिय निर्देशक एटली की फिल्म शुरू करेंगे। अबं फिल्म की हीरोइन का चयन भी हो गया है। आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है। 
रिपोर्टों के मुताबिक साउथ की जानी-मानी अदाकारा नयनतारा को शाहरुख के साथ कास्ट किया गया है। दरअसल, फिल्म के निर्देशन की कमान एटली संभाल रहे हैं, जिनकी नयनतारा के साथ अच्छी दोस्ती है। फिल्म की हीरोइन के लिए एटली की पहली पसंद नयनतारा ही हैं। वह इस सिलसिले में लगातार उनसे बातचीत कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए नयनतारा पहली बार शाहरुख के साथ रोमांस करती दिखेंगी। यह एक मसाला एंटरटेनर फिल्म होगी।
एटली और नयनतारा के बीच रिश्ते काफी अच्छे हैं। दोनों ने पहली बार रोमांटिक फैमिली फिल्म राजा रानी में साथ काम किया था, जिसके जरिए नयनतारा ने लोगों से खूब वाहवाही बटोरी थी। यह फिल्म 2013 में रिलीज हुई थी। इसके बाद दोनों तमिल स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म बिजिल के लिए साथ आए। यह फिल्म 2019 में रिलीज हुई थी। अब एक बार फिर एटली और नयनतारा साथ काम कर बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने की तैयारी में हैं। 
नयनतारा साउथ का जाना-माना नाम हैं। वह साउथ फिल्म इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में से एक हैं। मीडिया रिपोर्टों में खुलासा हुआ था कि रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस के लिए नयनतारा से संपर्क किया गया था। नयनतारा फिल्म में एक स्पेशल डांस नंबर करने वाली थीं। इस गाने को उनके एक्स बॉयफ्रेंड प्रभुदेवा ने कोरियोग्राफ किया था। लिहाजा नयनतारा ने फिल्म का हिस्सा बनने से मना कर दिया। 
शाहरुख जल्द ही निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म पठान में नजर आएंगे। वह राजकुमार हिरानी की फिल्म में भी काम कर रहे हैं। थ्रिलर फिल्में बनाने के लिए मशहूर राज एंड डीके की आगामी फिल्म में शाहरुख अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। निर्देशक संजय लीला भंसाली ने भी शाहरुख के साथ इजहार नाम की एक रोमांटिक फिल्म बनाने की प्लानिंग की है। सलमान खान की फिल्म टाइगर 3 में शाहरुख छोटी, लेकिन एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। 

Share On WhatsApp