मनोरंजन

06-Jul-2021 11:45:51 am
Posted Date

काजल अग्रवाल ने बढ़ाई फीस, पहली बार किसी फिल्म के लिए ले रहीं दो करोड़ रुपये

पहले जहां शादी के बाद अभिनेत्रियों का करियर खत्म मान लिया जाता था, वहीं आज के समय में शादी के बाद भी अभिनेत्रियां सुपरहिट फिल्में दे रही हैं। अब अभिनेत्री काजल अग्रवाल को ही ले लीजिए, जिनकी डिमांड शादी के बाद बढ़ गई है। काजल अपनी अगली हिंदी फिल्म के लिए दो करोड़ रुपये फीस ले रही हैं। काजल के करियर की यह पहली फिल्म है, जिसके लिए वह इतनी फीस ले रही हैं।
पिछले काफी समय से चर्चा है कि काजल हिंदी फिल्म उमा में नजर आएंगी। रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म के लिए काजल को दो करोड़ रुपये मिल रहे हैं। बताया जा रहा कि अब तक के फिल्मी करियर में काजल को पहली बार इतनी मोटी रकम ऑफर हुई है। काजल जल्द ही तमिल फिल्म पेरिस पेरिस में नजर आएंगी, जो कंगना रनौत की हिट फिल्म च्ीन का रीमेक है। किन्हीं कारणों से फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है। 
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अब काजल ज्यादा से ज्यादा फिल्मों में काम करना चाहती हैं। वह अलग-अलग भाषाओं में चिरंजीवी से लेकर महेश बाबू, विशाल से कार्थी और अक्षय कुमार से लेकर अजय देवगन जैसे कई बड़े-बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं। हालांकि, शादी के बाद काजल अपनी रणनीति बदलते हुए परिणाम की चिंता किए बिना ज्यादा फिल्मों में काम करने की प्लानिंग कर रही हैं। वह बड़ी सावधानी से फिल्में चुन रही हैं। 
उमा एक महिला केंद्रित फिल्म है। सुजॉय घोष इस फिल्म के क्रिएटिव प्रोड्यूसर होंगे। अविषेक घोष के  एवीएमए मीडिया और मंत्रराज पालीवाल के मिराज ग्रुप के बैनर तले इसका निर्माण किया जाएगा। उमा का निर्देशन तथागता सिंघा करेंगी। बतौर निर्देशक यह उनकी पहली फिल्म होगी। यह शादी की पृष्ठभूमि पर आधारित एक कुलीन घर की कहानी है, जहां पूरा परिवार इक_ा होता है और तभी वहां एक अनजान शख्स उमा के आने से कहानी नया मोड़ लेती है। 
काजल ने 2011 में दक्षिण भारतीय सिनेमा से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्होंने अजय देवगन के साथ फिल्म सिंघम से बॉलीवुड में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद काजल स्पेशल 26, दो लफ्जों की कहानी, मुंबई सागा जैसी फिल्मों में नजर आईं। काजल जल्द ही फिल्म आचार्य में साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी के साथ नजर आएंगी। वह प्रवीण सत्तारू के निर्देशन में बन रही फिल्म में नागार्जुन के साथ मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। 
काजल अग्रवाल ने बीते साल 30 अक्टूबर को बिजनेसमैन गौतम किचलू के साथ शादी की थी। उनकी शादी खासा चर्चा का विषय रही थी। दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं, जिन्हें फैंस ने बेहद पसंद भी किया था। 

Share On WhatsApp