करण जौहर बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने फिल्म जगत को कई सुपरहिट फिल्मों की सौगात दी है। अब करण ने एक नए प्रोजेक्ट की घोषणा कर दी है। वह जलियांवाला बाग हत्याकांड को केंद्र में रख कर एक फिल्म बनाने वाले हैं। करण ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी फिल्म से जुड़ी जानकारियों को साझा किया है। करण की धर्मा प्रोडक्शन ने स्टील एंड स्टील मीडिया के साथ मिलकर फिल्म की घोषणा की है।
करण ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म से संबंधित जानकारी शेयर की है। उन्होने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ऐतिहासिक व्यक्तित्व सी शंकरन नायर की अनकही कहानी को बड़े पर्दे पर लाने को लेकर बेहद उत्साहित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। फिल्म का निर्देशन करण सिंह त्यागी द्वारा किया जाएगा। विस्तृत जानकारी के लिए प्रतीक्षा करें। यह फिल्म वकील शंकरन की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म का टाइटल द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ सी शंकरन नायर रखा गया है।
बताया गया है कि यह फिल्म उस अदालती लड़ाई को पेश करेगी, जो शंकरन ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के बारे में सच्चाई को सामने लाने के लिए ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लड़ी थी। यह फिल्म वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरित होगी। यह फिल्म शंकरन के परपोते रघु पलट और उनकी पत्नी पुष्पा पलट द्वारा लिखी गई किताब द केस दैट शूक द एंपायर पर आधारित है। फिल्म के लीड कास्ट की घोषणा जल्द हो सकती है।
शंकरन का जन्म मलाबार के चेत्तर परिवार में 1857 में हुआ था। शंकरन एक वकील थे, जिन्होंने 1897 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था। उन्होंने 1922 में गांधी और अराजकता नामक पुस्तक भी लिखी थी। यह फिल्म जलियांवाला बाग नरसंहार की सच्चाई को उजागर करने के लिए अंग्रेजों के खिलाफ लड़ी गई उनकी अदालती लड़ाई के इर्दगिर्द घूमेगी।
करण के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह कई फिल्मों के प्रोजेक्ट को लेकर व्यस्त हैं। करण अपनी फिल्म शेरशाह को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी नजर आएंगी। वह फिल्म लाइगर का भी निर्माण कर रहे हैं। इसमें विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे लीड रोल में नजर आएंगी। वह दोस्ताना 2, मिस्टर लेले और ब्रह्मास्त्र को लेकर सुर्खियों में हैं। ब्रह्मास्त्र में आलिया भट्ट और रणबीर कपूर प्रमुख भूमिका में हैं।