आज के मुख्य समाचार

24-May-2021 5:20:28 pm
Posted Date

ब्लैक और व्हाइट फंगस से ज्यादा खतरनाक येलो फंगस

0- देश में मिला पहला येलो फंगस मामला
नई दिल्ली ,24 मई । देश में कोरोना वायरस महामारी के साथ-साथ ब्लैक फंगस और व्हाइट फंगस के भी कई मामले सामने आए, लेकिन अब इन दोनों के अलावा एक और फंगल इंफेक्शन का खतरा दिखाई दे रहा है। गाजियाबाद में येलो फंगल का एक मामला सामने आया है। जानकारों की माने तो येलो फंगस, ब्लैक और व्हाइट फंगस से ज्यादा खतरनाक है। 
सूत्रों के अनुसार इस मरीज का इलाज जारी है और मरीज की उम्र 34 साल है। यह मरीज कोरोना से संक्रमित रह चुका है और साथ में मधुमेह का रोगी भी है। ऐसा बताया जा रहा है कि येलो फंगस घातक बीमारियों में से एक है। येलो फंगस के कई लक्षण हैं। इसमें थकान, कमजोरी महसूस होना, भूख ना लगना या कम भूख लगना जैसे लक्षण शामिल हैं। जैसे-जैसे फंगस का असर बढऩे लगता है वैसे-वैसे मरीज के शरीर में कमजोरी बढऩे लगती है और वजन भी तेजी से कम होने लगता है। इसके अलावा अगर मरीज के शरीर पर कोई घाव है तो उसमें से मवाद का रिसाव होने लगता है और घाव बहुत कम तेजी से ठीक होता है। इस दौरान मरीज की आंखें भी धंस जाती हैं और कई अंग काम करना बंद कर देते हैं। 
क्या है येलो फंगस का उपचार
इसके उपचार को लेकर कहा गया है कि अगर किसी मरीज को अपने शरीर में सुस्ती महसूस हो रही है, भूख कम लग रही है या खाने का बिल्कुल मन नहीं होता तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे में तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, येलो फंगस गंदगी के कारण किसी मरीज में फैल सकता है। इसलिए अपने घर के आस-पास साफ सफाई रखें और स्वच्छता का ध्यान रखकर इस बैक्टीरिया या वायरस को दूर किया जा सकता है। इसके अलावा पुराना खाना ना खाएं।

Share On WhatsApp