आज के मुख्य समाचार

09-Dec-2018 8:55:13 am
Posted Date

सोनिया गांधी का 72वां जन्मदिन, पीएम मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली ,09 दिसंबर । आज कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का 72वां जन्मदिवस है। भारत की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने वाली सोनिया गांधी को देश-विदेश से बधाई संदेश मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्वीट करके उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा, सोनिया जी, आपके जन्मदिन की हार्दिक बधाई। मैं आपके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। सोनिया गांधी को बधाई देने के लिए उनके आवास के बाहर कार्यकर्ताओं का तांता लगा है।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जब कैंब्रिज में पढ़ते थे, वहीं उनकी मुलाकात सोनिया से हुई। उन्हें सोनिया से प्रेम हो गया और शादी की इच्छा जाहिर की। सोनिया के पिता ने इसके लिए शर्त रखी कि एक साल तक दोनों को नहीं मिलना है। सोनिया और राजीव दोनों ने शर्त निभाई और बाद में उनकी शादी हुई।
सोनिया गांधी के नेतृत्व में दो बार यूपीए को सरकार बनाने का मौका मिला लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री बनना स्वीकार नहीं किया। 1998 में जब कांग्रेस की सत्ता केवल चार राज्यों में रह गई थी तो उन्होंने नेतृत्व संभालकर फिर से पार्टी में जान फूंक दी।
सोनिया गांधी का जन्म 1946 में इटली के लुसियाना में हुआ था। वह 1999 में पहली बार अमेठी से सांसद बनीं। वह रायबरेली सीट से चार बार सांसद बन चुकी हैं। दुनियाभर में सोनिया गांधी की गिनती सशक्त महिलाओं में होती है।

Share On WhatsApp