न्याय साक्षी/रायगढ़। रायगढ़ पुलिस की यह दिवाली यादगार होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशन तथा डीजीपी श्री डी.एम. अवस्थी के मार्गदर्शन पर रायगढ़ पुलिस द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से समर्पण अभियान जिले में चलाया गया। इस कार्यक्रम के तहत अकेले तथा अपने आपको असहाय महसूस करने वाले वरिष्ठ नागरिको को अभियान से जोड़ा गया है। अभियान दौरान उनकी सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं और समस्याओं के निदान पर जिला पुलिस कार्य की है। कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत अपने कार्यों से अमिट छाप छोडऩे वाले एसपी श्री संतोष सिंह द्वारा अपने अधिनस्थों को बताया गया कि हमारा कानून व्यवस्था संभालने के साथ यह नैतिक दायित्व है कि समाज के सभी वर्गों का भरोसा जीते। इस दीपावली पर्व पर समपर्ण अभियान में जोड़े गये वृद्धजनों के साथ कुछ समय बिता कर उन्हें शुभकामनाएं दें। एसपी के निर्देशों पर कार्यवाही करते हुए सारंगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष वासनिक द्वारा एक कदम आगे स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़ के संभ्रांत नागरिकों से चर्चा कर गोठान के गोबर और मिट्टी से बने इको फ्रेंडली 5,000 दियों को क्रय कर लिये हैं। इन दियों को दिवाली की पूर्व संध्या पर थाना प्रभारी और उनका स्टाफ समर्पण अभियान के तहत उनके क्षेत्र में जोड़े गये वृद्धजनों के घर जाकर उनको दिये के साथ बत्ती, तेल, मिठाई पैकेट का वितरण करेंगे। समर्पण अभियान के जिला नोडल अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी यातायात द्वारा सारंगढ़ पुलिस को इस कार्य हेतु अग्रिम शुभकामनाएं दी गई है।
Share On WhatsApp