चीन-पाक को मिलेगा करारा जवाब
नईदिल्ली। चीन और पाकिस्तान के साथ सीमा विवाद के बीच भारतीय वायु सेना की ताकत लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच आज भारत को फ्रांस से 3 और राफेल विमानों की डिलीवरी हो जाएगी। फ्रांस से आज 3 और राफेल लड़ाकू विमान की खेप भारत पहुंचेगी। भारत ने फ्रांस से 59 हजार करोड़ के सौदे के तहत 36 राफेल विमानों का सौदा किया है। अब तक देश को 5 राफेल मिल चुके हैं। इन विमानों के पहुंचने से वायुसेना की ताकत में और इजाफा होगा और दुश्मनों को जंग के मैदान में धूल चटाने में मदद मिलेगी।
जानकारी के अनुसार फ्रांस से उड़ान भरने के बाद तीनों राफेल विमान रास्ते में रुके बिना भारत पहुंचेंगे। सूत्रों ने बताया कि फ्रांस के एयरबेस से गुजरात के जामनगर तक की लंबी उड़ान के दौरान फ्रांसीसी वायुसेना का हवा में ईधन भरने वाला विमान भी साथ रहेगा।
बता दें कि पांच राफेल विमानों का पहला बेड़ा 28 जुलाई को भारत पहुंचा था। इस बेड़े ने फ्रांस से उड़ान भरने के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हाल्ट किया था। भारत ने फ्रांस से 59,000 करोड़ रुपये में 36 राफेल विमान खरीदने का करार किया है।