63 वर्षीय व्यक्ति ने दिखाई सजगता और सपरिवार दी कोरोना को मात
न्याय साक्षी/रायगढ़। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक 63 वर्ष के व्यक्ति जिसे पहले से ही उच्च रक्तचाप की समस्या थी। इसके चलते वह अपनी शारीरिक लक्षणों व समस्या को लेकर सचेत रहते थे। दिनाँक 9 अक्टूबर 2020 को सर्दी, खाँसी होते ही उन्होंने सजगता दिखाते हुए स्वयं कोरोना टेस्ट कराने की सोची और 10 अक्टूबर 2020 को अपने क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर सेम्पल दिया। वहाँ पर उनका एंटीजन टेस्ट किया गया। जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। यह जानकारी उनके घर के अन्य सदस्यों को जानकारी प्राप्त होते ही वे सब भी उसी दिन 1 घंटे के अंदर ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कोरोना टेस्ट कराने पहुँच गए। उन सब का भी एंटीजन टेस्ट किया गया जिसमें 6 सदस्यों में से 5 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। सभी को 10 अक्टूबर 2020 को ही रायगढ़ के केआइटी कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर इलाज किया गया। 20 अक्टूबर तक सभी स्वस्थ हो कर सकुशल वापस घर चले गए।
सुझाव- उक्त परिवार के मुखिया तथा सदस्यगणों ने अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। अपनी शारीरिक स्थिति व लक्षणों के प्रति सचेत रहने से समय पर उन्होंने अपनी जांच करायी और उपचार लिया जिससे अधिक उम्र व बीपी के मरीज होने के बावजूद वह सपरिवार कोरोना को मात देते हुये स्वस्थ होकर सकुशल अपने घर चले गये। यह हमें सिखाता है कि वर्तमान परिस्थिति में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही समझदारी है। अत: किसी भी प्रकार का कोरोना लक्षण दिखे तो तत्काल टेस्ट कराकर उपचार लें।
Share On WhatsApp