आज के मुख्य समाचार

02-Nov-2020 12:03:15 pm
Posted Date

अभिनेत्री अमृता राव ने शादी के चार साल बाद बेटे को दिया जन्म

नईदिल्ली। अभिनेत्री अमृता राव और उनके पति आरजे अनमोल के घर खुशियां आई हैं। शादी के चार साल बाद अमृता राव ने बेटे को जन्म दिया है। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं। वहीं फैंस उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। अमृता राव और आरजे अनमोल रविवार को पेरेंट्स बने हैं। हाल में एक इंटरव्यू में अमृता ने कहा था कि वह मदरहुड पीरियड को लेकर नर्वस हैं। कुछ समय पहले अमृता ने बच्चे के आगमन की घोषणा करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया था।
अभिनेत्री अमृता राव ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर को शेयर कर लिखा था-आप सबके लिए यह 10वां महीना है, लेकिन हमारे लिए 9वां है। सरप्राइज, सरप्राइज, अनमोल और मैं हमारे 9वें महीने में हैं। इस खुशखबरी को सभी फैंस और दोस्तों के साथ शेयर करने के लिए काफी उत्साहित हूं। बेबी जल्द ही आने वाला है। मेरे, अनमोल और हमारे परिवार के लिए एक रोमांचक सफर। अमृता राव ने अपने इस पोस्ट में अपने फैंस से अपनी प्रेग्नेंसी को छिपाने के लिए माफी भी मांगी थी। 
अमृता राव और अनमोल सूद 15 मई, 2016 को शादी के बंधन में बंधे थे। शादी से पहले दोनों ने लगभग सात साल तक एक दूसरे को डेट किया था। शादी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की थी। उनकी शादी में परिवार और सिर्फ करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे।

Share On WhatsApp