एक दिन में सामने आए 49390 नए मामले
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में आज फिर गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को कोविड-19 के नए मामलों में कमी हुई है। गुरुवार को जहां 49,881 मामले सामने आए। वहीं पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 49390 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 73.71 लाख के पार हो गई है। दूसरी तरफ पहली बार सक्रिय मामलों की संख्या छह लाख से नीचे पहुंची है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 49,390 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। वहीं, इस दौरान वायरस के चलते 615 लोगों की मौत हुई है। देश में कोविड-19 से अब तक कुल 80,89,593 लोग संक्रमित हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में वायरस से उबरने वाले मरीजों की संख्या में हर दिन वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 57,386 मरीज ठीक हुए हैं। इस तरह देश में वायरस को मात देने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 73,73,375 हो गई है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले छह लाख से कम हो गए हैं। वर्तमान में कोविड-19 के कुल सक्रिय मामले 5,94,386 हैं, जिनमें पिछले 24 घंटे में 9301 की कमी हुई है। देश में अब तक कुल 1,21,142 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बताया है कि 29 अक्तूबर तक कोविड-19 के 10,77,28,088 नमूनों की जांच की गई है। वहीं, 11,64,648 नमूनों की जांच कल की गई है।
85 दिन में पहली बार इलाजरत मरीज छह लाख से कम
देश में करीब तीन माह बाद कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या छह लाख के नीचे आई है और यह कुल मामलों का 7.35 प्रतिशत है। भारत ने कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। आज की तारीख में देश में कुल 5,94,386 मरीज उपचाराधीन हैं। वहीं छह अगस्त को यह संख्या 5.95 लाख थी। मंत्रालय ने कहा कि वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का केवल 7.35 प्रतिशत है। यह संख्या 5,94,386 है। इस प्रकार से मामले लगातार घट रहे हैं। विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित क्षेत्रों में उपचाराधीन रोगियों की संख्या अलग-अलग है जो महामारी से लडऩे के उनके प्रयासों और इसमें मिल रही प्रगति की ओर इशारा करती हैं।
Share On WhatsApp