आज के मुख्य समाचार

18-Oct-2020 2:41:09 pm
Posted Date

राहुल, प्रियंका ने यूपी सरकार पर साधा निशाना

कहा-'बेटी बचाओ या अपराधी बचाओ
नयी दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मीडिया में आई उन खबरों को ले कर उत्तर प्रदेश सरकार पर रविवार को निशाना साधा जिनमें दावा किया गया है कि भाजपा के एक विधायक और उनका बेटा एक महिला के उत्पीडऩ के आरोपी को पुलिस हिरासत से ले गए। कांग्रेस ने इसे राज्य सरकार के ''अपराधी बचाओ मिशन के तहत किया गया कार्य करार दिया। राहुल और प्रियंका ने राज्य सरकार के खिलाफ ट्वीट किया और साथ ही मीडिया की उन रिपोर्ट को भी टैग किया जिनमें दावा किया गया है कि भाजपा के एक विधायक, उनका बेटा और उनके समर्थक एक महिला के उत्पीडऩ के आरोपी को शनिवार को पुलिस हिरासत से ले गए। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ''कैसे यह शुरू हुआ:'बेटी बचाओ। और कैसे यह चल रहा है: अपराधी बचाओ। प्रियंका ने घटना पर मीडिया में आई एक खबर को साझा करते हुए ट्वीट किया, '' क्या यूपी के सीएम बताएंगे कि यह किस मिशन के तहत हो रहा है। बेटी बचाओ या अपराधी बचाओ।
भारतीय जनता पार्टी नेता विजय बहादुर पाठक ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बनाने के लिए प्रियंका गांधी राज्य की घटनाओं को लेकर सरकार पर हमलावर हैं, लेकिन जिस तरह से महिला सशक्तीकरण और राज्य में विकास की रूपरेखा और बेरोजगारों को रोजग़ार देने का काम हो रहा है, उस पर उनकी नजर नहीं जाती है। गौरतलब है कि कांग्रेस राज्य में कथित तौर पर महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को ले कर राज्य सरकार को लगातार कठघरे में खड़ा कर रही है। इनमें हाल ही में हाथरस में एक दलित महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार और उसकी मौत का मामला मुख्य रूप से शामिल है।

Share On WhatsApp